अब ट्रेन छूटने से पहले बदल सकेंगे बोर्डिंग स्टेशन, यात्रियों को बड़ी राहत

Indian Railway: अगर आपने टिकट बुक कर लिया है लेकिन यात्रा से पहले चढ़ने का स्टेशन बदलना पड़ जाए तो अब घबराने की जरूरत नहीं. यात्री रिजर्वेशन चार्ट बनने से करीब 30 मिनट पहले तक और प्रीमियम ट्रेनों में 15 मिनट पहले तक अपना बोर्डिंग स्टेशन बदल सकेंगे.

Indian Railway: भारतीय रेलवे अपने यात्रियों के सफर को और अधिक सुविधाजनक और लचीला बनाने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम उठाने की तैयारी कर रहा है. रेलवे बोर्ड ने बोर्डिंग स्टेशन बदलने के पुराने और पेचीदा नियमों में बड़े बदलाव का प्रस्ताव दिया है. इस नए बदलाव के तहत अब यात्रियों को चार्ट तैयार होने के ठीक पहले तक अपना बोर्डिंग स्टेशन बदलने की आजादी मिलेगी.

इस संबंध में रेलवे बोर्ड के निदेशक ने सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम (CRIS) को सॉफ्टवेयर में जरूरी बदलाव करने के निर्देश जारी कर दिए हैं. यह फैसला उन यात्रियों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है जो अचानक किसी कारणवश अपने निर्धारित स्टेशन पर नहीं पहुंच पाते.

आखिरी समय तक मिलेगा स्टेशन बदलने का मौका

अब तक यात्रियों को बोर्डिंग स्टेशन बदलने के लिए काफी पहले अनुरोध करना पड़ता था, क्योंकि चार्ट ट्रेन के निर्धारित समय से कई घंटे पहले बनना शुरू हो जाता है. नए प्रस्ताव के लागू होने के बाद यह प्रक्रिया ज्यादा लचीली हो जाएगी और यात्रियों को यात्रा योजना बदलने की सुविधा मिलेगी.

रेलवे बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार इस बदलाव से उन यात्रियों को सबसे ज्यादा फायदा होगा जिनकी यात्रा योजना अचानक बदल जाती है या जिन्हें रास्ते में किसी दूसरे स्टेशन से ट्रेन पकड़नी पड़ती है.

वंदे भारत जैसी ट्रेनों में भी सुविधा

नई व्यवस्था प्रीमियम ट्रेनों पर भी लागू होगी. वंदे भारत एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में यात्री चार्ट बनने से लगभग 15 मिनट पहले तक बोर्डिंग स्टेशन बदल सकेंगे. इससे बिजनेस यात्रियों और आपातकालीन यात्रा करने वालों को काफी राहत मिलेगी.

तकनीकी सिस्टम में हो रहा बदलाव

इस नई व्यवस्था को लागू करने के लिए रेलवे ने तकनीकी तैयारी भी शुरू कर दी है. CRIS को निर्देश दिया गया है कि आरक्षण प्रणाली में जरूरी बदलाव किए जाएं ताकि अंतिम समय तक स्टेशन बदलने की सुविधा संभव हो सके.

रेलवे पिछले कुछ समय से यात्री सुविधा पर विशेष ध्यान दे रहा है. ऑनलाइन टिकटिंग, सीट अपग्रेडेशन, फूड सर्विस और रियल टाइम ट्रेन अपडेट के बाद अब बोर्डिंग स्टेशन बदलने की यह सुविधा भी यात्रियों के अनुभव को आसान बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है. इससे नो-शो यात्रियों की संख्या कम होगी और खाली सीटों का बेहतर उपयोग हो सकेगा.

Also Read: होली पर घर जाना हुआ आसान, पटना और पाटलिपुत्र समेत इन स्टेशनों से दौड़ेंगी स्पेशल ट्रेनें

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >