Hajipur News: महनार थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चाकू के बल पर लूट की घटना ने लोगों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. नगर परिषद क्षेत्र के थाना मोड़ से उत्तर स्थित गली में बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक युवक से 26 हजार रुपये लूट लिए. घटना के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
बैंक से रुपये निकालकर लौट रहा था युवक
जानकारी के अनुसार नगर परिषद महनार के वार्ड संख्या-15 टांडा चौरी निवासी रामकृपाल महतो गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे भारतीय स्टेट बैंक की महनार शाखा से 26 हजार रुपये निकालकर साइकिल से अपने घर लौट रहे थे.
इसी दौरान थाना मोड़ से उत्तर संत जोसेफ हाई स्कूल के पास बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया. पीड़ित के अनुसार बदमाशों ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उनकी जेब में रखे 26 हजार रुपये छीन लिए.
विरोध करने पर दी जान से मारने की धमकी
रामकृपाल महतो ने बताया कि उन्होंने शोर मचाने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी. इसके बाद दोनों आरोपी रुपये लेकर फरार हो गए.
घर पहुंचकर परिजनों को दी जानकारी
पीड़ित ने बताया कि घटना के समय उनके मोबाइल में रिचार्ज नहीं था, जिससे वह तत्काल किसी को सूचना नहीं दे सके. डर के कारण वह सीधे घर पहुंचे और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी. बाद में रात में महनार थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही
शिकायत मिलने के बाद महनार थाना पुलिस ने पीड़ित से पूछताछ की और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके.
महनार एसडीपीओ प्रवीण कुमार ने बताया कि छिनतई की घटना को लेकर आवेदन प्राप्त हुआ है. मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा.
