Vaishali Rewaghat Bridge : वैशाली के पटेढ़ी बेलसर के बेलवर गांव निवासी 22 वर्षीय अभिषेक साह शनिवार दोपहर रेवाघाट पुल से गंडक नदी में छलांग लगाने के बाद लापता हो गया. उसने अपनी बाइक और मोबाइल पुल पर ही छोड़ दिया था. घटना के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और नदी में उसकी तलाश शुरू की. तेज बहाव और बढ़े जलस्तर के कारण देर तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका.
रेवाघाट पुल से गंडक में कूदा युवक
मुजफ्फरपुर-छपरा मुख्य मार्ग पर स्थित दरोगा राय सेतु यानी रेवाघाट पुल पर शनिवार दोपहर एक युवक के नदी में गिरने की सूचना से हड़कंप मच गया. युवक की पहचान बेलवर गांव निवासी अनिल साह के 22 वर्षीय पुत्र अभिषेक साह के रूप में हुई है.
बाइक और मोबाइल पुल पर छोड़ गया
जानकारी के अनुसार अभिषेक अपनी बुलेट हंटर बाइक से रेवाघाट पुल पहुंचा था. उसने बाइक पुल पर खड़ी कर दी और चाबी भी उसी में लगी छोड़ दी. उसका मोबाइल फोन भी पुल पर ही मिला. कुछ देर बाद दुकान पर काम करने वाला उसका स्टाफ उसे खोजते हुए पुल पर पहुंचा.
स्टाफ के सामने रेलिंग पार कर नदी में गिरा
बताया गया कि स्टाफ जब अभिषेक की बाइक के पास पहुंचा तो वह पुल की रेलिंग के पास खड़ा था. स्टाफ के पहुंचते ही वह रेलिंग पार कर गंडक नदी में चला गया. देखते ही देखते वह तेज धारा में दिखाई देना बंद हो गया.
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद सरैया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने मामले की जानकारी एसडीआरएफ टीम को दी. इसके बाद एसडीआरएफ के जवानों ने नदी में युवक की तलाश शुरू की.
तेज बहाव के कारण नहीं मिला सुराग
गंडक नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है और पानी का बहाव भी तेज है. ऐसे में एसडीआरएफ की टीम को तलाशी अभियान में मुश्किलों का सामना करना पड़ा. देर तक तलाश के बावजूद अभिषेक का कोई पता नहीं चल सका. युवक के डूबने की आशंका जताई जा रही है.
सरैया में जिओ आउटलेट चलाता था अभिषेक
अभिषेक मुजफ्फरपुर जिले के सरैया बाजार में जिओ कंपनी का आउटलेट चलाता था. वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था. करीब डेढ़ साल पहले उसकी शादी हुई थी. उसके तीन महीने की एक बेटी भी है.
पिता दूसरे का ऑटो चलाकर करते हैं गुजारा
अभिषेक के पिता अनिल साह ऑटो चालक हैं और दूसरे व्यक्ति का ऑटो चलाते हैं. परिवार के इकलौते बेटे के लापता होने के बाद घर में चिंता का माहौल है.
घटना के कारण की जांच कर रही पुलिस
ग्रामीणों के अनुसार अभिषेक पिछले कुछ समय से पारिवारिक परेशानी से गुजर रहा था. हालांकि, नदी में जाने के पीछे वास्तविक कारण क्या था, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और युवक के मिलने के बाद ही घटना से जुड़ी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी.
तलाश अभियान पर टिकी नजर
एसडीआरएफ की टीम गंडक नदी में अभिषेक की तलाश कर रही है. तेज बहाव और बढ़े जलस्तर को देखते हुए अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है. पुलिस भी घटना से जुड़े लोगों से जानकारी जुटा रही है.
Also Read : हाजीपुर में 300 आंगनबाड़ी केंद्रों की बदलेगी जगह, स्कूल परिसर में शिफ्टिंग से बच्चों को मिलेंगी ये सुविधाएं
