वैशाली: भैंस चोरी के शक में युवक को खंभे से बांधकर पीटा, वीडियो वायरल होने के बाद जांच में जुटी पुलिस

वैशाली जिले के बिदुपुर में भैंस चोरी के शक में एक युवक को बेरहमी से पीटा गया. भीड़ द्वारा युवक को रस्सी से बांधकर लाठी-डंडों से मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. पुलिस ने युवक को बचाया और जांच शुरू कर दी है.

Hajipur News: बिदुपुर थाना क्षेत्र के जमींदारी घाट किनारे भैंस चोरी के शक में एक युवक को रस्सी से बांधकर पीटे जाने का मामला सामने आया है. घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. हालांकि, प्रभात खबर वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया.

जानकारी के अनुसार, जुड़ावनपुर गांव में भैंस चोरी की आशंका में कुछ लोगों ने एक युवक को पकड़ लिया. इसके बाद उसे एक खंभे से बांधकर लाठी-डंडों से उसकी पिटाई की गई. इस दौरान मौके पर मौजूद लोग "चोर-चोर" के नारे भी लगा रहे थे. पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद युवक को भीड़ से मुक्त कराया.

भैंस चोरी का लगाया गया आरोप

पशुपालक उमेश राय ने बताया कि सोमवार देर रात करीब 12:30 बजे उनके बथान से दो लोग भैंस खोल रहे थे. आरोप है कि एक भैंस का जोड़ खोल दिया गया था और दूसरी को खोलने की कोशिश की जा रही थी. इसी दौरान वे मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद दोनों आरोपित भागने लगे. इनमें से एक को लोगों ने पकड़ लिया, जबकि दूसरा मैजिक पिकअप वाहन लेकर फरार हो गया.

उन्होंने बताया कि दो महीने पहले भी उनके भाई की भैंस चोरी हो चुकी थी. पकड़े गए युवक की पहचान जुड़ावनपुर निवासी विधान राय के पुत्र बिजली कुमार के रूप में हुई है, जबकि फरार हुए दूसरे व्यक्ति की पहचान दशरथ पासी के पुत्र भुल्ला के रूप में की गई है.

युवक के खिलाफ नहीं मिला कोई ठोस सबूत

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में युवक के खिलाफ चोरी का कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिला है. पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है और मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

कानून हाथ में नहीं लेने की अपील

बिदुपुर थानाध्यक्ष रवि प्रकाश ने लोगों से अपील की है कि वे कानून अपने हाथ में न लें. किसी भी व्यक्ति पर संदेह होने की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें. उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rajeev kumar

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >