पातेपुर के तीसिऔता पुलिस ने सोमवार देर रात नीलोरुकूंदपुर गांव स्थित एक निजी गोदाम के समीप छापेमारी कर एक युवक को 41.99 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया. पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल और 25 हजार रुपये नकद भी बरामद किये हैं. गिरफ्तार युवक की पहचान डभैच्च गांव निवासी अश्वनी कुमार उर्फ गांधी के रूप में हुई है.
पुलिस की गाड़ी देखते ही भागने लगा युवक
थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि नीलोरुकूंदपुर गांव स्थित गोदाम के समीप एक युवक मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री कर रहा है. सूचना के बाद पुलिस अवर निरीक्षक मनोज कुमार के नेतृत्व में टीम को छापेमारी के लिए भेजा गया. पुलिस की गाड़ी देखते ही युवक भागने लगा, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया.
तलाशी में स्मैक और 25 हजार रुपये बरामद
सीओ प्रभात कुमार की मौजूदगी में पुलिस ने युवक की विधिवत तलाशी ली. इस दौरान उसके पास से 41.99 ग्राम स्मैक, एक मोबाइल फोन और 25 हजार रुपये नकद बरामद हुए. पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर युवक को थाने लाया.
न्यायिक हिरासत में भेजा गया
पुलिस ने गिरफ्तार अश्वनी कुमार उर्फ गांधी के खिलाफ मामला दर्ज कर मंगलवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.
