प्रेमी संग भागी युवती की जहर देकर हत्या का आरोप, शव दूसरे गांव के श्मशान घाट में जलाया, पिता समेत 5 पर केस

कटहरा में प्रेमी के साथ भागी युवती की पिता ने जहर देकर हत्या कर दी और शव को जला दिया। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

Hajipur Crime News : चेहराकला के कटहरा थाना क्षेत्र के फतहपुर चकसुलेमान गांव में प्रेमी के साथ भागी 17 वर्षीय युवती की जहर खिलाकर हत्या करने और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को दूसरे गांव के श्मशान घाट में जला देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने युवती के पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.

चौकीदार की सूचना पर पुलिस पहुंची, एफएसएल टीम ने जुटाये साक्ष्य

मामला उस समय प्रकाश में आया, जब चपैठ गांव के चौकीदार रामलाल पासवान ने अपने क्षेत्र स्थित श्मशान घाट में शव जलाये जाने की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. डीएसपी महुआ के साथ एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की. शव को दूसरे गांव के श्मशान घाट में जलाये जाने को लेकर पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है.

इस मामले में चौकीदार रामलाल पासवान के बयान पर मृतका के पिता समेत पांच-छह अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है.

अपहरण का मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने युवती को किया था बरामद

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, फतहपुर चकसुलेमान गांव निवासी मिलेश कुमार साह की 17 वर्षीय पुत्री सिमरन कुमारी पूर्व में अपने प्रेमी के साथ घर से चली गयी थी. इस संबंध में उसके पिता ने कटहरा थाना में अपहरण का मामला दर्ज कराया था. पुलिस ने युवती को बरामद कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया था.

आरोप है कि इसके बाद रविवार की शाम युवती को जहर खिलाकर उसकी हत्या कर दी गयी. मौत के बाद शव को छिपाने की नीयत से अपने गांव के श्मशान घाट के बजाय चपैठ गांव स्थित श्मशान घाट पर बुधवार सुबह करीब छह बजे शव जला दिया गया.

दूसरे गांव में शव जलाने से गहराया संदेह

पुलिस के अनुसार, शव को उसके गांव के श्मशान घाट के बजाय दूसरे गांव में जलाने की सूचना मिलने के बाद मामले की जांच तेज कर दी गयी है. एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाये हैं. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव को दूसरे गांव में ले जाकर क्यों जलाया गया.

पिता हिरासत में, अन्य आरोपितों की भी तलाश

कटहरा थानाध्यक्ष संजीव कुमार दुबे ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए मृतका के पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. प्राथमिकी में मृतका के पिता समेत अन्य अज्ञात लोगों को आरोपित किया गया है. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का भी पता लगाया जा रहा है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिषेक कुमार

अभिषेक कुमार 9 साल से पत्रकारिता कर रहे हैं. इनकी सबसे अच्छी पकड़ क्राइम और राजनीति की खबरों पर है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >