Hajipur News : मनोहर कुमार की रिपोर्ट
देसरी प्रखंड के भीखनपुरा गांव निवासी विशाल राय ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए चौथी पाफी राष्ट्रीय आर्म रेसलिंग प्रतियोगिता में कांस्य पदक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है.
भीखनपुरा निवासी धर्मेंद्र राय एवं इंदु देवी के पुत्र विशाल राय ने अहमदाबाद स्थित आरआरयू यूनिवर्सिटी में आयोजित प्रतियोगिता की 60 किलोग्राम वर्ग में तीसरा स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक अपने नाम किया . प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से करीब 2500 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था.
पूर्व में भी दो बार आर्म चैंपियन का खिताब जीत चुके हैं
विशाल राय इससे पूर्व दो बार राज्य स्तरीय आर्म रेसलिंग चैंपियन का खिताब भी जीत चुके हैं. बचपन से ही खेलों में रुचि रखने वाले विशाल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच अभिषेक सिंह को दिया. उन्होंने कहा कि कोच के मार्गदर्शन और निरंतर प्रशिक्षण की बदौलत ही वे इस मुकाम तक पहुंच सके हैं.
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पाफी फेडरेशन के प्रवीण डबास ने विशाल को सम्मानित किया. उनकी उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसे पंचायत और जिले के लिए गर्व का विषय बताया है.
जीत पर इनलोगों ने बधाई दी
विधायक महेंद्र राम एवं प्रमुख आनंद कुमार ने कहा कि विशाल की उपलब्धि पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है. उनकी इस सफलता पर विधायक महेंद्र राम, समाजसेवी धन्नू राय, प्रमुख आनंद कुमार, मुखिया अखिलेश रजक, लगनदेव राय, पूर्व प्रमुख रामजन्म राय, ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन के महामंत्री डीपी यादव, लोजपा नेता नितेश सिंघानिया, अजय पासवान, सरपंच देवनंदन पासवान, युवा नेता गौरव कुमार, दयानंद राय, जितेंद्र सिंह कुशवाहा, निशांत कुमार राय, जदयू नेता पीजी निशांत समेत कई लोगों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं.
