वैशाली के राघोपुर में एसपी शुभांक मिश्रा का औचक निरीक्षण, लंबित कांडों के निष्पादन और अपराध नियंत्रण पर दिए निर्देश

एसपी शुभांक मिश्रा ने वैशाली जिले के तीन थानों का औचक निरीक्षण किया. उन्होंने लंबित कांडों के निष्पादन, थाना अभिलेखों की समीक्षा की और दियारा क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए. अनुसंधान में लापरवाही न बरतने की हिदायत दी गई.

Hajipur News: वैशाली जिले के राघोपुर, रुस्तमपुर और जुड़ावनपुर थाना का शनिवार को एसपी शुभांक मिश्रा ने औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना परिसर की साफ-सफाई से लेकर लंबित कांडों की स्थिति तक विभिन्न बिंदुओं की बारीकी से समीक्षा की.

थाना अभिलेख और लंबित कांडों की हुई समीक्षा

निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना अभिलेखों के संधारण, मालखाना, शस्त्रागार, हाजत, सीसीटीएनएस कार्य, वारंट एवं कुर्की-जब्ती की कार्रवाई तथा विधि-व्यवस्था संधारण की विस्तृत जांच की. उन्होंने लंबित कांडों के निष्पादन की प्रगति रिपोर्ट भी देखी और संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

दियारा क्षेत्र में अपराध नियंत्रण पर विशेष जोर

एसपी शुभांक मिश्रा ने सभी संबंधित थानाध्यक्षों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों, विशेषकर दियारा क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया. उन्होंने नियमित वाहन जांच, सघन गश्ती और अपराधियों के विरुद्ध लगातार छापेमारी अभियान चलाने को कहा.

फरार एवं वारंटी अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा शराब, हथियार और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया.

अनुसंधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

एसपी ने लंबित कांडों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने, अनुसंधान में तेजी लाने और प्रत्येक कांड की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि अनुसंधान में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

आम लोगों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण का निर्देश

एसपी ने आमजन से बेहतर संवाद स्थापित करने और प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण करने का निर्देश दिया. उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों से कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए संवेदनशील एवं जवाबदेह होकर कार्य करने को कहा.

निरीक्षण के दौरान राघोपुर थानाध्यक्ष अवधेश सिंह, रुस्तमपुर थानाध्यक्ष कुमार अभिषेक, जुड़ावनपुर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ओझा सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhishek shaswat

ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >