Kanwar Yatra : हाजीपुर में श्रावणी मेले के अवसर पर ‘बोल बम’ के जयकारों के साथ बाबा गरीबनाथ को जल अर्पण करने के लिए शिवभक्तों का तांता लगा हुआ है. सोनपुर के ऐतिहासिक पहलेजा घाट से पवित्र गंगाजल लेकर मुजफ्फरपुर के प्रसिद्ध गरीबस्थान मंदिर की ओर पैदल रवाना होने वाले कांवर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए वैशाली जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट है. श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यात्रा को सुगम बनाने के लिए मार्ग में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की गयी है.
मार्ग में मुस्तैद दिखे पुलिसकर्मी, सराय थानाध्यक्ष ने संभाली कमान
हाजीपुर-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग इन दिनों शिवमय नजर आ रहा है. इस मार्ग से गुजर रहे कांवर यात्रियों की सुरक्षा और सेवा में पुलिसकर्मी मुस्तैदी से ड्यूटी निभा रहे हैं. इसी क्रम में सराय थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने स्वयं सड़क पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाली और कांवर यात्रियों की सेवा करते नजर आये.
पुलिस बल की ओर से मार्ग में जगह-जगह सहायता शिविर और पिकेट लगाकर निगरानी की जा रही है. पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं की मदद करने के साथ यातायात व्यवस्था को भी नियंत्रित कर रहे हैं, ताकि कांवर यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो.
भारी वाहनों का रूट डायवर्ट
कांवर यात्रा के दौरान दुर्घटना और सड़क जाम की आशंका को देखते हुए यातायात व्यवस्था में विशेष बदलाव किया गया है. हाजीपुर-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग पर भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश को प्रतिबंधित करते हुए उनका रूट डायवर्ट किया गया है.
भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजे जाने के कारण मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव नियंत्रित रखने में मदद मिल रही है. इससे पैदल कांवर यात्रियों को भी सुरक्षित और सुगम रास्ता मिल रहा है. प्रशासन की ओर से की गयी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था से कांवर यात्रियों में भी उत्साह है. श्रद्धालु ‘बोल बम’ के जयकारों के साथ सुरक्षित तरीके से अपनी यात्रा पूरी कर रहे हैं.
