VIDEO : पिता-पुत्र की हत्या कर पिस्टल लहरा रहा था जगदीश राय, पुलिस ने घुटनों में मारी गोली

Vaishali Double Murder Video : वैशाली के बिदुपुर में जगदीश राय ने सरेआम पिता-पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जगदीश राय को मुठभेड़ में मार गिराया।

Vaishali Double Murder Video : वैशाली के बिदुपुर में रविवार की सुबह पिता-पुत्र की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस घटना का वीडियो अब सामने आया है. वीडियो में हत्याकांड को अंजाम देनेवाला जगदीश राय भी स्पष्ट तौर पर हाथ में पिस्टल लिए दिख रहा है. जगदीश राय को आज सोमवार को पुलिस मुठभेड़ में गोली लगी है. उसे इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

वीडियो में क्या दिख रहा है?

घटना को लेकर सामने आए 2 मिनट 21 सेकेंड के वीडियो में मृतक पिता-पुत्र और हत्या का आरोपी स्पष्ट तौर पर देखे गए हैं. 60 वर्षीय मुनरिक राय जमीन पर पड़े दिख रहे हैं. उनके पीठ और कंधे से काफी मात्रा में खून निकलता दिख रहा है. आसपास बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी खड़े दिख रहे हैं. जानकारी के अनुसार एक गोली मुनरिक राय के 35 वर्षीय पुत्र जितेंद्र कुमार राय को भी लगी थी, वो वीडियो में बाइक पर बिठाकर अस्पताल ले जाते हुए दिखे हैं. हालांकि बाद में इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई थी.

खुलेआम पिस्टल लहराता दिखा हत्यारा

इसी वीडियो में हत्याकांड का मुख्य आरोपी जगदीश राय भी अपने साथियों के साथ दिखा है. उसके एक हाथ में पिस्टल भी है और वो खुलेआम मौजूद लोगों पर पिस्टल तानता और धमकी देता दिख रहा है. वीडियो के अनुसार वहां मौजूद सभी लोग इतने दहशत में हैं कि किसी ने जगदीश राय या उसके सहयोगियों को पकड़ने की हिम्मत नहीं की. घटना को अंजाम देने के बाद करीब 24 घंटे तक जगदीश राय पुलिस से बचता रहा.

मृतक पिता-पुत्र की फाइल तस्वीरें.

यहां क्लिक कर घटना का वीडियो देखें...

सोमवार सुबह पुलिस से हुई मुठभेड़

वैशाली पुलिस के मुताबिक मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ सदर-1 के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी जगदीश राय को पटना के बहादुरपुर स्थित एक बॉयज हॉस्टल से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम आरोपी को लेकर वैशाली लौट रही थी. इसी दौरान पटना-महनार रोड पर रसूलपुर बाजार के पास आरोपी जगदीश राय ने भागने की कोशिश की. एक सिपाही की इंसास रायफल छीन कर वह पुलिस गाड़ी से कूद गया और जान से मारने के उद्देश्य से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. दो गोलियां पुलिस वाहन पर लगी, जिसके निशान शीशे पर मौजूद हैं.

पुलिस वाहन पर पड़े फायरिंग के निशान.

जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली

पुलिस टीम ने आत्मरक्षा और आरोपी को काबू में करने के लिए नियंत्रित जवाबी फायरिंग की. पुलिस की ओर से चार राउंड फायरिंग की गई. इसमें आरोपी के दोनों पैरों में घुटने के नीचे गोलियां लगी. दोनों पैरों में गोली आरपार हो गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा. घायल आरोपी जगदीश राय को तुरंत पुलिस हिरासत में इलाज के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर लाया गया. डॉक्टरों के अनुसार, फिलहाल वह खतरे से बाहर है. पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है. वहीं, इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है.

वैशाली के पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने बताया है कि कुछ पुलिसकर्मी भी चोटिल हुए हैं. फिलहाल मुठभेड़ किन परिस्थितियों में हुई, इसकी विस्तृत जानकारी जांच के बाद साझा की जाएगी.

मुठभेड़ स्थल पर घटना की जानकारी देते वैशाली एसपी.

यह भी पढ़ें : वैशाली दोहरे हत्याकांड के आरोपी का एनकाउंटर, पुलिस ने मारी गोली

पुश्तैनी जमीन विवाद में कर दी हत्या

रजासन गांव के लोगों से मिली जानकारी के अनुसार जगदीश राय और मृतक का परिवार आपस में रिश्तेदार है. इनके बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. रविवार की सुबह मुनरिक राय अपने घर पर मौजूद थे. इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और उन पर फायरिंग कर दी. गोली लगने और काफी मात्रा में खून निकलने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. इस दौरान गोलीबारी में उन्हें बचाने आए 35 वर्षीय पुत्र सेना के जवान जितेंद्र राय गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें बाइक से अस्पताल ले जाया गया लेकिन बचाया नहीं जा सका.

मुनरिक राय पिछले पंचायत चुनाव में मुखिया पद के प्रत्याशी रह चुके थे. वहीं जितेंद्र कुमार भारतीय सेना में जवान थे और छुट्टी पर अपने घर आए हुए थे. वो अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं. घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है.

यह भी पढ़ें : भतीजे ने घर में घुसकर चाचा और भाई की गोली मारकर की हत्या


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Anjani Pandey

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >