यूपी के युवक की संदिग्ध स्थिति में मौत, हाजीपुर सदर अस्पताल में शव छोड़ कर भागा साथी व एंबुलेंस चालक

हाजीपुर सदर अस्पताल में यूपी के युवक का शव लावारिस हालत में छोड़कर एंबुलेंस चालक और साथी फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Hajipur News : हाजीपुर नगर थाना क्षेत्र के सदर अस्पताल में मंगलवार की देर रात एक युवक का शव छोड़कर उसका साथी और एंबुलेंस चालक फरार हो गया. अस्पताल प्रशासन की सूचना पर नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. इधर, मोबाइल फोन बंद होने के बाद परिजन युवक की तलाश में जुटे थे. सदर अस्पताल में अज्ञात शव होने की सूचना मिलने पर परिजन वहां पहुंचे और शव की पहचान की. मृतक की पहचान यूपी के गोंडा जिले के बालपुर थाना क्षेत्र निवासी राजेंद्र प्रसाद शर्मा के 40 वर्षीय पुत्र राकेश शर्मा के रूप में हुई है. पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया.

गंभीर हालत में सदर अस्पताल लाया गया था राकेश

जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब चार बजे एक एंबुलेंस से एक युवक गंभीर रूप से घायल राकेश शर्मा को इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचा था. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पीएमसीएच रेफर कर दिया. इसके बाद उसका साथी उसे एंबुलेंस से पीएमसीएच लेकर गया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद राकेश को मृत घोषित कर दिया.

अस्पताल में लावारिस हालत में मिला शव

आरोप है कि युवक की मौत के बाद एंबुलेंस चालक शव को लेकर वापस सदर अस्पताल पहुंचा और वहां शव को लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गया. पूरी घटना अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात कही जा रही है. शव लावारिस हालत में मिलने के बाद स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप मच गया. अस्पताल प्रशासन ने तत्काल नगर थाना पुलिस को इसकी सूचना दी.

मोबाइल पर संपर्क नहीं होने के बाद परिजन खोजबीन में जुटे

मृतक के परिजनों ने बताया कि राकेश शर्मा एक बड़े लकड़ी कारोबारी के यहां मुंशी का काम करता था. 24 अगस्त को वह पटना के फुलवारी शरीफ में लकड़ी की नापी करने के लिए ट्रेन से रवाना हुआ था. वह ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस से यात्रा कर रहा था. ट्रेन के छपरा पहुंचने पर उसने अपने मालिक से फोन पर बात की थी और बताया था कि वह सुबह करीब 9:30 बजे कार्यस्थल पर पहुंच जाएगा.

कारोबारी के अनुसार, सुबह नौ बजे के बाद राकेश के मोबाइल पर लगातार फोन किया गया, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया. संपर्क नहीं होने पर मंगलवार शाम से ही परिजन और कारोबारी उसकी तलाश में जुट गये. परिजन हाजीपुर जंक्शन पहुंचे और रेल पुलिस से संपर्क किया. वहां से उन्हें छपरा जंक्शन भेजा गया.

छपरा जंक्शन से मिला सदर अस्पताल में शव होने का सुराग

परिजनों ने बताया कि छपरा जंक्शन पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा था. इसी दौरान जानकारी मिली कि हाजीपुर सदर अस्पताल में एक अज्ञात शव रखा हुआ है. सूचना मिलते ही परिजन सदर अस्पताल पहुंचे और शव देखकर राकेश शर्मा की पहचान की.

मृतक के बैग से शिवहर जिले के घटौनी निवासी शंकर सिंह के पुत्र राजीव कुमार से संबंधित कुछ आधिकारिक दस्तावेज भी बरामद होने की बात सामने आयी है. इनमें पासपोर्ट, एडमिट कार्ड, एटीएम कार्ड और निर्वाचन आयोग का कार्ड शामिल हैं. पुलिस इन दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है.

मालिक ने जतायी हत्या की आशंका

मृतक के मालिक सुशील शुक्ला ने राकेश शर्मा की हत्या किये जाने की आशंका जतायी है. उन्होंने कहा कि घटना के पीछे कोई गहरी साजिश हो सकती है. परिजनों ने बताया कि राकेश के तीन छोटे बच्चे हैं. उसकी मौत के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है.

सीसीटीवी और एंबुलेंस के आधार पर जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल सदर अस्पताल प्रशासन और नगर थाना की पुलिस अस्पताल में लगे सीसीटीवी फुटेज, एंबुलेंस के नंबर और मृतक के पास से मिले दस्तावेजों के आधार पर मामले की जांच कर रही है. पुलिस राकेश के साथ पीएमसीएच गये व्यक्ति और एंबुलेंस चालक की तलाश में जुटी है.

नगर थानाध्यक्ष सिकंदर कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिषेक कुमार

अभिषेक कुमार 9 साल से पत्रकारिता कर रहे हैं. इनकी सबसे अच्छी पकड़ क्राइम और राजनीति की खबरों पर है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >