Hajipur News: वैशाली जिले के दियारा क्षेत्र स्थित राघोपुर थाना अंतर्गत चांदपुरा पंचायत के हैबतपुर-करारी (वार्ड नंबर 1) में बीते 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग घटनाओं में सांप और जलीय विषैले जंतु के काटने से एक 8 वर्षीय बच्ची तथा एक अधेड़ महिला की दर्दनाक मौत हो गई. एक ही गांव में घटित इन दो त्रासदियों से पूरे इलाके में कोहराम मच गया है और पीड़ित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
बोरा हटाने के दौरान 8 वर्षीय बच्ची को सांप ने डसा
पहली दुखद घटना शुक्रवार की शाम हैबतपुर गांव में घटी. गांव निवासी हरि राय की आठ वर्षीया पुत्री प्रियंका कुमारी घर के अंदर साफ-सफाई के लिए रखा एक पुराना बोरा हटा रही थी. इसी दौरान बोरे के नीचे छिपे विषैले सांप ने बच्ची के हाथ पर डस लिया. चीख सुनकर परिजन दौड़े और बच्ची को आनन-फानन में इलाज के लिए रेफरल अस्पताल मोहनपुर लेकर पहुंचे.
अस्पताल से लौटने के बाद झाड़-फूंक के फेर में गई जान
परिजनों ने अस्पताल से लौटने के बाद आधुनिक चिकित्सा के बजाय अंधविश्वास का सहारा लिया और बच्ची को गांव के ही एक स्थानीय ओझा (गुणी) के पास ले जाकर झाड़-फूंक कराने लगे. झाड़-फूंक के दौरान शरीर में जहर तेजी से फैल गया और कुछ ही घंटों के भीतर मासूम प्रियंका ने दम तोड़ दिया. स्थानीय समाजसेवी गौतम कुमार उर्फ गौतम बजाज ने बताया कि रेफरल अस्पताल मोहनपुर से समुचित उपचार न मिलने या वापस भेजे जाने के कारण परिजन ओझा के चक्कर में पड़ गए, जिसके एक घंटे बाद बच्ची की जान चली गई.
बाढ़ के पानी में नहाने गई महिला को जहरीले जंतु ने काटा
दूसरी घटना शनिवार की सुबह हैबतपुर में ही सामने आई. गांव की निवासी दनवा देवी घर के पास फैले बाढ़ के पानी में नहाने गई थीं. स्नान करने के दौरान पानी के भीतर किसी अज्ञात विषैले जलीय जंतु या सांप ने उनके पैर में काट लिया. महिला किसी तरह घर पहुंचीं, लेकिन कपड़े बदलने के दौरान ही शरीर में जहर फैलने से अचेत होकर गिर पड़ीं.
पीएचसी फतेहपुर में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
महिला के अचेत होते ही परिजन बदहवास हो गए. दियारा इलाके में चारों तरफ बाढ़ का पानी फैला होने के कारण परिजनों ने किसी तरह पानी में पैदल चलकर और मशक्कत करते हुए उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) फतेहपुर पहुंचाया. अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. निर्मल कुमार ने गहन जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया. ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से दियारा के सभी अस्पतालों में पर्याप्त मात्रा में एंटी स्नेक वेनम (ASV) की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है.
Also Read: राघोपुर में बाढ़ का कहर, 76 गांव जलमग्न, सड़क पर 5 फीट तक पानी, राहत सामाग्री के आस में पीड़ित
