वैशाली में अपराध की योजना बना रहे दो बदमाश गिरफ्तार, देसी कट्टा और कारतूस बरामद

वैशाली में अपराध की योजना बना रहे दो युवकों को पुलिस ने देसी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है. गुप्त सूचना के आधार पर हुई इस कार्रवाई ने जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को मजबूती दी है.

Hajipur News: सराय थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो युवकों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके पास से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया है. दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सराय थाना क्षेत्र के इनायतपुर प्रबोधी गांव निवासी सोनू कुमार और गोलू कुमार के रूप में हुई है. मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी.

अपराध की तैयारी की सूचना पर हुई कार्रवाई

एसपी ने बताया कि जिले में गंभीर और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में बुधवार रात सराय थाना पुलिस को सूचना मिली कि टोल प्लाजा से सटे इनायतपुर प्रबोधी जाने वाली सड़क के किनारे कुछ युवक अवैध हथियार लेकर किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में घूम रहे हैं. सूचना मिलते ही डीएसपी-2 गोपाल मंडल के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. टीम में सराय थानाध्यक्ष संजीव कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया.

पूछताछ में हुआ हथियार का खुलासा

गठित टीम ने बताए गए स्थान पर छापेमारी कर पहले सोनू कुमार को हिरासत में लिया. पूछताछ के दौरान सोनू ने पुलिस को बताया कि उसने कुछ देर पहले ही गोलू कुमार को एक देसी कट्टा दिया है. इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इनायतपुर प्रबोधी गांव में छापेमारी की और गोलू कुमार को एक देसी कट्टा के साथ गिरफ्तार कर लिया.

आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला

पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ सराय थाना कांड संख्या 263/26 दर्ज किया है. बरामद हथियार और कारतूस को जब्त कर लिया गया है. पुलिस दोनों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है. एसपी ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपितों को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhishek Kumar

अभिषेक कुमार मैं 9 साल से पत्रकारिता कर रहा हूं नेशनल मीडिया चैनल में के साथ काम किया हूं मेरी सबसे अच्छा पकड़ क्राइम की खबर और राजनीतिक की खबर पर है वहीं दैनिक अखबारी के डिजिटल बिग में भी काम कर चुका हूं।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >