Hajipur News : लालगंज थाना क्षेत्र के बेदौली चौक स्थित दवा दुकान में घुसकर दुकानदार से मारपीट करने और गल्ले में रखे पांच हजार रुपये छीनने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
दुकान पर चढ़कर की थी मारपीट
जानकारी के अनुसार तीसीऔता थाना क्षेत्र के चपता निवासी दीपक कुमार की बेदौली चौक के समीप दवा की दुकान है. बीते दिनों बदमाशों ने दुकान पर चढ़कर उनके साथ मारपीट की और गल्ले में रखे पांच हजार रुपये लेकर फरार हो गये. घटना में दुकानदार घायल हो गया था.
छह लोगों पर दर्ज करायी थी प्राथमिकी
घटना को लेकर दवा दुकानदार ने लालगंज थाने में छह लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी थी. मामले की जांच और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही थी.
तीन आरोपित गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
थानाध्यक्ष सुभाष प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए विदेश्वर राय, अभिषेक कुमार उर्फ मोहन कुमार और प्रिंस कुमार को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने पूछताछ के बाद तीनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. मामले में फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
