Hajipur News: वैशाली जिले के पटेढ़ी बेलसर प्रखंड अंतर्गत अफजलपुर गांव स्थित मध्य विद्यालय एवं उच्च माध्यमिक विद्यालय प्रांगण में शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर गरिमामयी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सह वैशाली लोकसभा संयोजक अभिषेक राज उर्फ 'राजा भैया' ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की. उन्होंने दोनों विद्यालयों के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा विद्यालय परिसर को स्वच्छ रखने वाले सफाई कर्मियों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया और उनके योगदान की सराहना की.
शिक्षक समाज और राष्ट्र के सच्चे शिल्पी: अभिषेक राज
समारोह को संबोधित करते हुए अभिषेक राज ने शिक्षा और शिक्षकों के महत्व को बताया. उन्होंने कहा कि जिस प्रकार माता-पिता बच्चों के जीवन की पहली नींव रखते हैं, उसी प्रकार शिक्षक उन्हें ज्ञान, संस्कार, अनुशासन और जीवन में सही मार्ग पर अग्रसर होने की प्रेरणा देते हैं. शिक्षक दिवस महान दार्शनिक, प्रख्यात शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के आदर्शों और शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का पावन दिन है. उन्होंने कहा कि विद्यालय के शैक्षणिक माहौल को स्वच्छ और सुरक्षित बनाने में सफाई कर्मियों की भूमिका भी अत्यंत सराहनीय है, इसलिए उनका सम्मान करना समाज का दायित्व है.
अफजलपुर के शिक्षकों की कर्तव्यनिष्ठा की प्रशंसा
अभिषेक राज ने कहा कि अफजलपुर मध्य विद्यालय और उच्च माध्यमिक विद्यालय के शिक्षकों की लगन और परिश्रम से ही ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को उत्कृष्ट शिक्षा मिल रही है. शिक्षक अपने मार्गदर्शन से बच्चों को जिम्मेदार नागरिक बनाने के साथ-साथ देश के सुनहरे भविष्य की नींव मजबूत करने का महान कार्य कर रहे हैं.
स्थानीय जनप्रतिनिधि और शिक्षक रहे मौजूद
इस सम्मान समारोह में भाजपा विधानसभा संयोजक महेश शाह, स्थानीय वार्ड सदस्य रामबाबू, ऋषभ, सचिन, सन्नी, सत्यप्रकाश सहित विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाएं मुख्य रूप से उपस्थित रहे. सम्मानित होने वाले शिक्षकों में हेमंत कुमार, ज्ञान प्रकाश, आलोक कुमार, सोहन कुमार, ऐजाज आलम, रमेश कुमार, प्राची पटेल, गीतांजलि कुमारी, राजीव कुमार, बबीता कुमारी, संजय कुमार, आशुतोष कुमार, विमल किशोर, रमेश सहनी और कृष्ण कंचन शामिल थे.
