Krishi Yantrikaran Yojana: खेती को आधुनिक, आसान और कम लागत वाला बनाने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कृषि यंत्रीकरण योजना शुरू की है. योजना के तहत किसानों को 86 प्रकार के कृषि यंत्रों की खरीद पर 40 से 80 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा. ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 8 सितंबर से शुरू होगी. इच्छुक किसान कृषि विभाग के पोर्टल farmech.bihar.gov.in के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं.
ड्रोन से लेकर कृषि यंत्र बैंक तक मिलेगा अनुदान
योजना के तहत किसानों और संबंधित संस्थाओं को अलग-अलग श्रेणी में अनुदान का प्रावधान किया गया है. किसान ड्रोन सेंटर के लिए अधिकतम 5 लाख रुपये, कस्टम हायरिंग सेंटर के लिए 4 लाख रुपये, कृषि यंत्र बैंक के लिए 8 लाख रुपये और स्पेशल कस्टम हायरिंग सेंटर के लिए अधिकतम 12 लाख रुपये तक अनुदान दिया जाएगा.
कृषि विभाग ने इस योजना के लिए राज्य स्तर पर 236.58 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है.
ऑनलाइन लॉटरी से होगा किसानों का चयन
योजना का लाभ देने के लिए किसानों का चयन ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा. लॉटरी की वैधता 15 दिनों तक रहेगी. चयनित किसान निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद कृषि यंत्र खरीद सकेंगे.
यंत्र की खरीद के बाद पात्र किसानों को देय अनुदान की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जाएगी.
छोटे और सीमांत किसानों पर विशेष जोर
योजना में छोटे और सीमांत किसानों के साथ महिला किसानों तथा किसान समूहों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया है. कृषि यंत्रों के इस्तेमाल से खेती में श्रम और समय की बचत होने के साथ उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने में भी मदद मिलने की उम्मीद है.
कृषि विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों तक आधुनिक कृषि तकनीक और मशीनरी की पहुंच सुनिश्चित करना है, जिससे खेती की लागत कम करने और कृषि कार्य को आसान बनाने में मदद मिल सके.
पंचायत स्तर तक किसानों को दी जाएगी जानकारी
जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह ने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है. उन्होंने कृषि विभाग के पदाधिकारियों और कर्मियों को पंचायत एवं प्रखंड स्तर तक व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया है.
किसानों को योजना की जानकारी देने के साथ ऑनलाइन आवेदन में आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने को कहा गया है, ताकि जानकारी के अभाव में कोई पात्र किसान योजना के लाभ से वंचित न रहे.
8 सितंबर से कर सकेंगे आवेदन
कृषि यंत्रीकरण योजना 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन 8 सितंबर से शुरू होगा. इच्छुक किसानों को आवेदन करने से पहले अपनी पात्रता और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी कृषि विभाग के पोर्टल पर जांच लेने की सलाह दी जाती है.
