Vaishali News: हाजीपुर स्थित प्रतिष्ठित जमुनी लाल (JL) महाविद्यालय परिसर में शनिवार को हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती एवं राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शतरंज प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया. कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. वीरेंद्र कुमार की अध्यक्षता में दीप प्रज्वलित कर किया गया. इस दौरान उपस्थित शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने मेजर ध्यानचंद की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी.
खेल से विकसित होता है अनुशासन और नेतृत्व क्षमता: प्राचार्य
समारोह को संबोधित करते हुए प्राचार्य वीरेंद्र कुमार ने मेजर ध्यानचंद के प्रेरक जीवन, उनकी ऐतिहासिक खेल उपलब्धियों और देश के लिए दिए गए अद्वितीय योगदान को याद किया. उन्होंने कहा कि खेल हमारे जीवन में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का संचार करते हैं. उन्होंने छात्र-छात्राओं से केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहकर पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद व अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया.
रोमांचक मुकाबलों में प्रियांशु आनंद ने मारी बाजी
महाविद्यालय परिसर में आयोजित शतरंज प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने बड़े उत्साह और बौद्धिक कौशल के साथ हिस्सा लिया. कई चरणों के कड़े और रोमांचक मुकाबलों के बाद प्रियांशु आनंद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया. वहीं, अंकित कुमार ने द्वितीय स्थान, रोहित कुमार ने तृतीय स्थान, सेमी कुमार ने चतुर्थ स्थान तथा क्रांति मोहन ने पंचम स्थान हासिल किया.
खेल प्रभारी डॉ. अरुण दयाल ने विजेताओं को दी शुभकामनाएं
प्रतियोगिता के सफल आयोजन के बाद खेल प्रभारी डॉ. अरुण दयाल ने सभी विजेता व प्रतिभागी छात्रों को बधाई और शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि शतरंज जैसा बौद्धिक खेल विद्यार्थियों में निर्णय लेने की क्षमता, धैर्य और एकाग्रता को मजबूत करता है. उन्होंने सभी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए खेल के क्षेत्र में निरंतर अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया. इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.
Also Read: हाजीपुर के कौनहारा घाट पर काशी की तर्ज पर हुई गंगा आरती, शंखनाद और घंटियों से गूंजा घाट
