Hajipur News: जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा पुलिस को जनता के प्रति जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से एसपी शुभांक मिश्रा ने मंगलवार की सुबह नगर थाना क्षेत्र में व्यापक औचक निरीक्षण अभियान चलाया. इस दौरान उन्होंने विभिन्न संवेदनशील इलाकों, प्रमुख चौराहों और बाजार क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत का जायजा लिया.
गश्ती दलों और वाहन जांच अभियान की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान एसपी ने क्षेत्र में तैनात विभिन्न गश्ती दलों की कार्यप्रणाली का बारीकी से निरीक्षण किया. साथ ही सघन वाहन जांच अभियान की भी समीक्षा की. उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया. एसपी ने कहा कि पुलिसिंग ऐसी होनी चाहिए जिससे आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास बढ़े और अपराधियों में कानून का भय बना रहे.
आम लोगों से लिया फीडबैक
निरीक्षण के दौरान एसपी शुभांक मिश्रा ने स्थानीय दुकानदारों, व्यवसायियों और राहगीरों से सीधे संवाद किया. उन्होंने पुलिस गश्त, यातायात प्रबंधन और अपराध नियंत्रण की स्थिति को लेकर लोगों से फीडबैक लिया. इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने कई व्यावहारिक सुझाव दिए और क्षेत्र की कुछ समस्याओं से भी पुलिस प्रशासन को अवगत कराया.
शिकायतों के समाधान का दिया निर्देश
एसपी ने नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा मौके पर मौजूद संबंधित थाना और पुलिस अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए.
पुलिस के जनसरोकार वाले कदम की सराहना
पुलिस प्रशासन के इस जनसंपर्क और फील्ड आधारित निरीक्षण अभियान को स्थानीय लोगों ने सकारात्मक पहल बताया. व्यवसायियों और नागरिकों ने कहा कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का सीधे क्षेत्र में पहुंचकर हालात का जायजा लेना और लोगों से संवाद करना सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मददगार साबित होगा.
