वैशाली: PHED सचिव ने बिदुपुर में बहुग्रामीण जलापूर्ति योजना का लिया जायजा, चेचर प्लांट से 3 प्रखंडों के 28 हजार घरों तक पहुंच रहा शुद्ध गंगाजल

पीएचईडी सचिव ने बिदुपुर में बहुग्रामीण जलापूर्ति योजना का निरीक्षण किया. वैशाली के तीन प्रखंडों में शुद्ध गंगा जल की आपूर्ति की स्थिति का लिया जायजा.

Vaishali News: लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) के सचिव बी. कार्तिकेय धनजी एवं अभियंता प्रमुख नित्यानंद प्रसाद ने शनिवार को वैशाली जिले के बिदुपुर प्रखंड का सघन दौरा किया. उच्चस्तरीय प्रशासनिक टीम ने क्षेत्र में संचालित महत्वाकांक्षी बहुग्रामीण जलापूर्ति योजना के विभिन्न प्रमुख घटकों का स्थलीय व तकनीकी निरीक्षण किया.

अधिकारियों ने चेचर स्थित अत्याधुनिक वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (WTP), गंगा नदी के गोपालपुर घाट पर स्थापित जेटी (JT) तथा बिदुपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशन का बारीकी से निरीक्षण कर पूरी कार्यप्रणाली को परखा.

गंगा के गोपालपुर घाट से चेचर प्लांट तक पाइपलाइन से पहुंचता है पानी

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जल शोधन की तकनीकी प्रक्रिया की समीक्षा की. गोपालपुर घाट पर स्थापित जेटी के माध्यम से गंगा नदी के पानी को इंटेक कर अंडरग्राउंड पाइपलाइन के जरिए चेचर स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तक लाया जाता है.

प्लांट में बहुस्तरीय वैज्ञानिक एवं तकनीकी प्रक्रियाओं के माध्यम से गंगाजल का शुद्धिकरण (ट्रीटमेंट) किया जाता है. इसके उपरांत शुद्ध किए गए सुरक्षित पेयजल को पाइपलाइन नेटवर्क के जरिए क्षेत्र के आर्सेनिक प्रभावित गांवों में निर्बाध आपूर्ति के लिए भेजा जाता है.

3 प्रखंडों के 28,240 घरों को मिल रहा आर्सेनिक मुक्त शुद्ध जल

इस बहुग्रामीण जलापूर्ति योजना के माध्यम से जिले के तीन प्रमुख प्रखंडों की 28 पंचायतों के 159 वार्डों में कुल 28,240 परिवारों तक प्रतिदिन शुद्ध गंगाजल पहुंचाया जा रहा है:

  • बिदुपुर प्रखंड: 14 पंचायतों के 89 वार्ड
  • हाजीपुर प्रखंड: 9 पंचायतों के 50 वार्ड
  • देसरी प्रखंड: 5 पंचायतों के 20 वार्ड

सचिव ने ग्रामीणों से लिया सीधा फीडबैक, गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश

दौरे के दौरान पीएचईडी सचिव बी. कार्तिकेय धनजी ने आसपास के ग्रामीणों और उपभोक्ताओं से सीधे बातचीत कर पेयजल आपूर्ति के समय, प्रेशर और पानी की गुणवत्ता का फीडबैक लिया.

वहीं अभियंता प्रमुख नित्यानंद प्रसाद ने जल शोधन प्लांट के कर्मियों और तकनीकी टीम को नियमित रूप से वाटर टेस्टिंग करने तथा आपूर्ति व्यवस्था को बिना किसी बाधा के सुचारू बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए.

निरीक्षण के मौके पर पीएचईडी के मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता सहित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के कर्मी अरुण भगत, प्रोजेक्ट मैनेजर सौरभ झा, चंद्रमोहन सिंह समेत कई अन्य तकनीकी अधिकारी उपस्थित रहे.

Also Read: वैशाली: बिदुपुर में महीनों से जले पड़े कृषि ट्रांसफार्मर, सिंचाई के लिए डीजल पंप का सहारा ले रहे किसान


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजीव कुमार सिंह

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >