गंडक की तेज धार में डूबे व्यक्ति का नहीं मिला सुराग, एसडीआरएफ ने संभाला मोर्चा

हाजीपुर के लालगंज थाना क्षेत्र में गंडक नदी की तेज धार में हाथ-पैर धोते समय बहे जयप्रकाश सिंह की तलाश जारी है। राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीम आधुनिक मोटर बोट और लाइफ जैकेट की मदद से नदी में सघन खोजबीन कर रही है। पीड़ित परिवार ने सरकारी सहायता और मुआवजे की मांग की है।

Hajipur News: लालगंज थाना क्षेत्र के एतवारपुर गांव निवासी एक व्यक्ति के गंडक नदी में डूबने के बाद उनकी तलाश के लिए राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीम ने व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है. एसडीआरएफ के बचाव दल द्वारा आधुनिक मोटर बोट, लाइफ जैकेट और अन्य जरूरी संसाधनों की मदद से नदी के विभिन्न हिस्सों तथा तेज बहाव वाले संभावित इलाकों में सघन खोजबीन की जा रही है. घटनास्थल पर लापता व्यक्ति के परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद हैं.

हाथ-पैर धोने के दौरान तेज धार में बहे

लालगंज थानाध्यक्ष को दिए गए आवेदन के अनुसार, एतवारपुर निवासी जयप्रकाश सिंह 27 अगस्त की दोपहर करीब 12 बजे तारक स्थान खंजाहाचक पेठिया गए हुए थे. पेठिया के समीप गंडक नदी के किनारे हाथ-पैर धोने के दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वे नदी की तेज धार की चपेट में आकर गहरे पानी में समा गए. घटना के तत्काल बाद स्थानीय ग्रामीणों और गोताखोरों ने नदी में काफी खोजबीन की, परंतु उनका कोई सुराग नहीं मिल सका. इसके बाद परिजनों ने प्रशासनिक अधिकारियों से एसडीआरएफ बुलाने की गुहार लगाई.

पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता और मुआवजा देने की मांग

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय राजद नेता सह पैक्स अध्यक्ष रमन लाल यादव ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया और गहरी चिंता व्यक्त की. उन्होंने जिला प्रशासन से गंडक नदी में सर्च ऑपरेशन को और अधिक गति देने की मांग की है. साथ ही उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रशासन पीड़ित परिवार को हरसंभव प्रशासनिक व आर्थिक सहायता उपलब्ध कराए तथा नियमानुसार उचित सरकारी आपदा मुआवजा प्रदान करे.

Also Read: सूरत में 50 लाख की बैंक लूट का वैशाली कनेक्शन, नाम बदलकर छिपा था आरोपी; पिस्टल-कारतूस के साथ गिरफ्तार


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुशील कुमार सिंह

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >