बिदुपुर . गुरुवार को बिदुपुर अंचल कार्यालय का हाजीपुर सदर एसडीओ राम बाबू बैठा ने औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने अंचलकर्मियों से पूछताछ करते हुए उपस्थिति पंजी का अवलोकन किया और अनुपस्थित कर्मियों, सीओ व आरओ के बारे में जानकारी ली. एसडीओ के कार्यालय में प्रवेश करते ही कर्मियों में हड़कंप मच गया. एसडीओ ने घंटों कंप्यूटर खंगाला और लंबित कार्यों की समीक्षा की. उन्होंने यह भी जानकारी ली कि अंचल में कितने परिमार्जन लंबित हैं, कितने पर काम चल रहा है और कितने को रद्द किया गया है. इस दौरान उन्होंने क्रमवार दाखिल-खारिज, बासगीत पर्चा, एलपीसी, भू-मापी, दखल-दहानी आदि का पूरा ब्योरा लिया और मौके पर मौजूद कर्मियों को कई दिशा-निर्देश दिये. एसडीओ के औचक निरीक्षण की जानकारी मिलते ही कई परिवादी अपनी-अपनी शिकायतें लेकर पहुंच गये. एसडीओ ने बारी-बारी से सभी की शिकायतें सुनीं.
लोगों ने दिया आवेदन
चकसिकंदर के गजेंद्र पांडेय ने शौचालय नहीं बनने को लेकर आवेदन दिया, नावानगर के संजय कुमार सिंह ने भूमि विवाद, खिलवत के ध्रुव सिंह ने जमाबंदी विभाजन, चकसिकंदर के राज किशोर सिंह ने परिमार्जन और कंचनपुर के रामप्रीत सिंह ने दाखिल-खारिज को लेकर आवेदन दिया. एसडीओ ने मौके से ही संबंधित कर्मियों को इन मामलों का त्वरित निष्पादन करने का आदेश दिया. इस दौरान सदर एसडीओ ने मौके पर मौजूद लोगों को 28 फरवरी को समाहरणालय में आयोजित भू-समाधान कैंप की जानकारी दी. कहा कि जिन लोगों की भूमि से जुड़ी शिकायतें हैं, वे आकर अपनी समस्या दर्ज कराएं. त्वरित कार्रवाई कर मामलों का निपटारा किया जायेगा. एसडीओ ने बताया कि पानापुर धर्मपुर की रूबी देवी के तीन मामले लंबित थे. उन्हीं की शिकायत पर वे अंचल कार्यालय की जांच करने पहुंचे थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
