हाजीपुर के 84 विद्यालयों के छात्र बनाएंगे क्लॉथ बैग, गांव-गांव चलेगा 'प्लास्टिक मुक्त बिहार' अभियान

Plastic-Free Bihar Campaign : हाजीपुर में 84 स्कूलों के स्काउट-गाइड नोडल शिक्षकों के लिए कार्यशाला आयोजित हुई। इसमें छात्र पुराने कपड़ों से क्लॉथ बैग बनाकर प्लास्टिक मुक्त बिहार अभियान को गति देंगे।

Plastic-Free Bihar Campaign : हाजीपुर में भारत स्काउट एवं गाइड, वैशाली की ओर से महुआ अनुमंडल के 84 उच्च एवं उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालयों के स्काउट-गाइड नोडल शिक्षक एवं शिक्षिकाओं के लिए एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई. कार्यशाला का उद्देश्य विद्यालयों में स्काउट-गाइड गतिविधियों को प्रभावी बनाना, दल गठन, पंजीकरण और सामाजिक सरोकार से जुड़े अभियानों को गति देना था.

प्लास्टिक मुक्त बिहार अभियान को मिलेगा जन-जन का सहयोग

कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) ऋतुराज ने कहा कि भारत स्काउट एवं गाइड के माध्यम से जिले के सभी विद्यालयों में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा. इसके तहत स्काउट्स एवं गाइड्स गांवों और शहरों में प्रभात फेरी, जागरूकता रैली, नुक्कड़ संवाद, प्लास्टिक मुक्त विद्यालय तथा प्लास्टिक मुक्त बिहार अभियान को आगे बढ़ाएंगे.

छात्र तैयार करेंगे क्लॉथ बैग

कार्यशाला में बताया गया कि छात्र-छात्राएं पुराने कपड़ों से कपड़े के थैले तैयार करेंगे. इन क्लॉथ बैगों को स्थानीय दुकानदारों, सब्जी विक्रेताओं और आम लोगों के बीच वितरित किया जाएगा. साथ ही उन्हें सिंगल-यूज प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद करने के लिए प्रेरित किया जाएगा. अभियान का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना है.

प्रत्येक स्काउट-गाइड को मिलेगा राष्ट्रीय स्तर का यूआईडी

प्रमोद कुमार साहनी ने बताया कि भारत स्काउट एवं गाइड से जुड़ने वाले प्रत्येक स्काउट एवं गाइड का यूनिक यूआईडी बनाया जाएगा. यह पूरे देश में मान्य होगा. इससे विद्यार्थियों की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनेगी और उन्हें प्रशिक्षण, शिविरों तथा विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों में भाग लेने में सुविधा मिलेगी.

नेतृत्व विकास और पर्यावरण संरक्षण पर मिला प्रशिक्षण

स्काउट मास्टर सौरभ कुमार ने कार्यशाला में स्काउट-गाइड दल गठन, ओवाईएमएस एवं यूआईडी पंजीकरण, वार्षिक कार्यक्रमों, सेवा कार्य, नेतृत्व विकास, वृक्षारोपण, जल संरक्षण तथा प्लास्टिक वारियर्स बिहार अभियान के प्रभावी संचालन पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया.

शिक्षकों ने लिया बड़ा संकल्प

कार्यक्रम के सफल संचालन में नरेंद्र प्रसाद सिंह, धीरज कुमार वर्मा, सौरभ कुमार, प्रमोद कुमार साहनी, रणधीर कुमार, मोहम्मद शाहनवाज आलम, जितेश कुमार, इमरान हसन अंसारी, आरती सिंह और लक्ष्मी कुमारी सहित कई लोगों की सक्रिय भूमिका रही. कार्यशाला के अंत में सभी नोडल शिक्षक एवं शिक्षिकाओं ने अपने-अपने विद्यालयों में स्काउट-गाइड गतिविधियों को मजबूत बनाने तथा "प्लास्टिक मुक्त विद्यालय- प्लास्टिक मुक्त बिहार" अभियान को जन-आंदोलन बनाने का संकल्प लिया. कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ.

Also Read : हाजीपुर में फर्जी तत्काल टिकट गिरोह पर कार्रवाई, पवन एक्सप्रेस से चार यात्री गिरफ्तार, दो फर्जी तत्काल टिकट और दो मोबाइल भी बरामद


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Rahul Ray

Published by: Sakshi Kumari

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >