जिले के सभी स्कूलों में होगा स्काउट-गाइड का वर्ग संचालन

भारत स्काउट एवं गाइड, वैशाली की ओर से जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गयी. इसमें सभी प्रखंडों के मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया गया.

हाजीपुर.

भारत स्काउट एवं गाइड, वैशाली की ओर से जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गयी. इसमें सभी प्रखंडों के मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया गया. जिला शिक्षा पदाधिकारी वीरेंद्र नारायण के निर्देश पर शुक्रवार को शहर के एसडीओ रोड स्थित स्काउट भवन में कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें हर प्रखंड के दो-दो स्काउट मास्टर (नोडल शिक्षक) शामिल हुए. जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा) राजन कुमार गिरि के मार्गदर्शन में सभी मध्य विद्यालयों के स्काउट-गाइड यूनिट को सक्रिय करने के लिए मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया गया. एक दिवसीय कार्यशाला में कुल 32 शिक्षकों ने भाग लिया. भारत स्काउट एवं गाइड के जिला संगठन आयुक्त ऋतुराज ने बताया कि जिले के सभी सरकारी व मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों में बच्चों को पढ़ाई के साथ ही स्काउट-गाइड का प्रशिक्षण दिया जाता है. स्कूली बच्चे समाजसेवा, सैन्य जीवन व साहसिक गतिविधियों का भी प्रशिक्षण लेते हैं. विभाग के निर्देशानुसार अब जिले के सभी विद्यालयों में अनिवार्य रूप से साप्ताहिक स्काउट-गाइड वर्ग का संचालन किया जायेगा. जिले के सभी सरकारी उच्च एवं मध्य विद्यालयों में इसके लिए स्काउट-गाइड दल गठित किया जा चुका है. हर स्कूल से एक शिक्षक एवं एक शिक्षिका को प्रशिक्षित कर उन्हें स्काउट मास्टर व गाइड कैप्टन का दायित्व दिया जायेगा. हर शनिवार को स्काउट-गाइड की गतिविधि चलायी जायेगी.

कक्षा छह से लेकर आठ तक प्रत्येक कक्षा से 16 छात्रों और 16 छात्राओं का चयन विद्यालय प्रधान करेंगे और हर विद्यालय 32 छात्र-छात्राओं की सूची स्काउट कार्यालय के माध्यम से ऑनलाइन की जायेगी. जिले के सभी स्काउट-गाइडों का पंजीयन अब ऑनलाइन यूथ मेंबरशिप सिस्टम के जरिये जा रहा है. प्रशिक्षण कार्यक्रम में विद्यालय स्तर पर प्लास्टिक टाइड टर्नर चुनौती, स्वच्छता अभियान एवं बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध अभियान को गति देने का निर्देश दिया गया. कहा गया कि वर्तमान परिवेश में बच्चों को उच्च शिक्षा तो दी जा रही है, लेकिन उनकी नैतिक शिक्षा और अनुशासन पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है. नैतिक शिक्षा बच्चों को न सिर्फ संस्कारवान बनाती है, बल्कि उन्हें अनुशासित जीवन जीने की भी सीख देती है. जिले के सभी विद्यालयों में बिहार दिवस की तैयारी के लिए भी शिक्षकों को निर्देश दिया गया. कार्यक्रम में इमरान हसन अंसारी, उमेश कुमार सिंह, नरेंद्र प्रसाद सिंह, धीरज कुमार वर्मा, ज्योति यादव, निरंजन कुमार, केदार राय, प्रमोद कुमार, सुधांशु कुमार चक्रवर्ती, सौरभ कुमार, सत्यनारायण कुमार, अरुण कुमार पाठक, अनु कुमारी, करुणा कुमारी, वशिष्ठ नारायण सिंह, संजय कुमार सुमन, राजेश कुमार मिश्रा, श्रवण कुमार, अजय कुमार, राजन कुमार, अमरेंद्र कुमार अमरेश, शंभु कुमार ने विचार रखे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >