हाजीपुर: बाबा पातालेश्वरनाथ मंदिर में श्रावणी मेले को लेकर जिला प्रशासन और मंदिर न्यास समिति की बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता सदर अनुमंडल पदाधिकारी रामबाबू बैठा ने की. मंदिर न्यास समिति के सचिव अनिल चंद्र कुशवाहा ने बैठक का संचालन किया. बैठक में स्थानीय गणमान्य लोगों के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों ने किया मंथन
बैठक में नगर परिषद की सभापति डॉ. संगीता कुमारी, विद्युत विभाग के अधिकारी, यातायात पुलिस, स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों के पदाधिकारी शामिल हुए. एसडीओ रामबाबू बैठा ने कहा कि पिछले वर्षों की तरह इस बार भी श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए प्रशासन की ओर से पर्याप्त व्यवस्था की जा रही है.
उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी. इसके अलावा स्काउट-गाइड कैडेट भी जलाभिषेक के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा और सुरक्षा में सहयोग करेंगे.
सफाई और जलनिकासी की रहेगी विशेष व्यवस्था
नगर परिषद की सभापति डॉ. संगीता कुमारी ने कहा कि श्रावणी मेले को देखते हुए नगर परिषद की ओर से नियमित रूप से ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव और सफाई करायी जाएगी. मंदिर तक जाने वाले रास्तों की सफाई, पानी निकासी और सड़क को समतल करने का कार्य भी कराया जाएगा.
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए नगर परिषद की टीम मेले के दौरान व्यवस्थाओं पर नजर रखेगी.
मंदिर न्यास समिति ने पूरी की तैयारी
मंदिर न्यास समिति के सचिव अनिल चंद्र कुशवाहा ने बताया कि श्रावणी मेले को लेकर मंदिर परिसर में सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. प्रशासन की ओर से पुलिस बल की तैनाती रहेगी, जबकि मंदिर न्यास समिति के स्वयंसेवक भी श्रद्धालुओं की सहायता के लिए मौजूद रहेंगे. गुरु वशिष्ट विद्यायन की बच्चियां भी सुरक्षा और व्यवस्था में सहयोग करेंगी.
श्रद्धालुओं से आभूषण नहीं पहनकर आने की अपील
मंदिर प्रबंधन की ओर से श्रद्धालुओं से विशेष अपील की गयी है कि जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के दौरान आभूषण पहनकर मंदिर नहीं आएं. मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की गयी है, इसके बावजूद श्रद्धालुओं को अपने सामान और आभूषणों की सुरक्षा को लेकर स्वयं भी सतर्क रहने की सलाह दी गयी है.
बैठक में ये लोग रहे मौजूद
बैठक में न्यास समिति के कोषाध्यक्ष अरविंद कुमार कौशल, सोनू कुमार आर्य, त्रिभुवन सिंह, डॉ. सुशील सिंह, उमेश राव, किशोर ठाकुर, प्रधान पुजारी प्रशांत तिवारी, राहुल चौबे, हरिकांत चौबे, हरिओम सोनी, मुकेश सिंह, राजा ठाकुर, अजय ठाकुर, आमोद चौरसिया सहित अन्य लोग उपस्थित रहे.
इसे भी पढ़ें: नीतीश कुमार की बहन ने कहा- भाई को 5 साल और मुख्यमंत्री रहना चाहिए था, निशांत की शादी पर भी बोलीं
