हाजीपुर में सहयोग शिविर का आयोजन, 24 में से 17 आवेदनों का मौके पर हुआ निष्पादन

Hajipur News: हाजीपुर सदर प्रखंड के दौलतपुर देवरिया में आयोजित सहयोग शिविर में सैकड़ों ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं. विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाकर 24 में से 17 आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन किया गया.

Hajipur News: हाजीपुर सदर प्रखंड क्षेत्र के दौलतपुर देवरिया पंचायत सरकार भवन परिसर में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का उद्घाटन डीडीसी कुंदन कुमार, बीडीओ अशोक कुमार एवं सीओ ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया.

सैकड़ों ग्रामीणों ने रखीं अपनी समस्याएं

शिविर में पंचायत क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण विभिन्न समस्याओं और जरूरतों को लेकर पहुंचे. इस दौरान ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं एवं उपलब्ध सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा पात्र लाभुकों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की गई. शिविर में मौजूद कर्मियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी दी.

पंचायत स्तर पर शिविर से ग्रामीणों को मिली सुविधा

स्थानीय लोगों ने कहा कि पंचायत स्तर पर इस प्रकार के शिविर आयोजित होने से उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दूर-दराज के सरकारी कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ता है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि भविष्य में भी इस प्रकार के शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएं, ताकि जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ आसानी से मिल सके.

विभिन्न विभागों के लगाए गए स्टॉल

सहयोग शिविर में राशन कार्ड, मनरेगा, बिजली, वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, नल-जल योजना, स्वास्थ्य विभाग एवं भूमि संबंधी मामलों सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए. ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन भी जमा किए.

24 आवेदन प्राप्त, 17 का मौके पर हुआ निष्पादन

शिविर के दौरान कुल 24 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 17 आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया. शेष सात आवेदनों को संबंधित विभागों को भेज दिया गया है, जिनका जल्द निष्पादन किया जाएगा.

इस अवसर पर डीडीसी कुंदन कुमार, बीडीओ अशोक कुमार, एमओ अन्नु दिनकर, सीओ, बीपीआरओ, सचिव राजनारायण, आरो प्रकाश रंजन, सौरभ कुमार, पैक्स अध्यक्ष अमित कुमार, मुखिया सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Rahul Ray

Published by: Nikhil Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >