हाजीपुर (वैशाली) से कैफ अहमद की रिपोर्ट
Hajipur RJD Protest News : महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, बढ़ते अपराध, पेपर लीक और विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने बुधवार को हाजीपुर के रामाशीष चौक पर महाधरना दिया. इस दौरान पार्टी नेताओं ने राज्य सरकार पर जनविरोधी नीतियां अपनाने और कानून-व्यवस्था संभालने में विफल रहने का आरोप लगाया.
रामाशीष चौक पर जुटे कार्यकर्ता, सरकार पर हमला बोला
धरने को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक डॉ. मुकेश रौशन ने कहा कि राज्य में महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, हत्या, लूट, बलात्कार जैसी घटनाओं में बढ़ोतरी हो रही है. लेकिन सरकार चुप्पी साधे हुयी है. उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, गैस संकट और विभिन्न विभागों में कथित घोटालों से आम जनता त्रस्त है.
पेपर लीक और भर्ती प्रक्रियाओं पर उठाए सवाल
नेताओं ने आरोप लगाया कि नीट और बीपीएससी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के मामलों के बावजूद दोषियों के खिलाफ अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है. इससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है.
भ्रष्टाचार और अफसरशाही पर निशाना
धरने में यह भी कहा गया कि कई विभागों में भ्रष्टाचार और अफसरशाही के कारण आम लोगों को रोजमर्रा के कार्यों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. नेताओं ने इसे जनहित के खिलाफ बताते हुए तत्काल सुधार की मांग की.
चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी
राजद नेताओं ने कहा कि जनता की समस्याओं को लेकर पार्टी चरणबद्ध आंदोलन चला रही है और जब तक समाधान नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा. धरने में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नेता शामिल हुए. कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष बैद्यनाथ चंद्रवंशी, उत्पल यादव, मुकेश सिंह, अमर आलोक, सुचित्रा चौधरी, देव कुमार चौरसिया, रोबिन राय समेत बड़ी संख्या में राजद नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
