Hajipur News : हाजीपुर के पातेपुर के बलिगांव थाना क्षेत्र के विजयपुरा गांव के वार्ड संख्या दो में अज्ञात चोरों ने एक रिटायर्ड शिक्षिका के घर में भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया. चोर मेन गेट का ताला काटकर घर में घुसे और अलमारी व बक्से का ताला तोड़कर चार लाख रुपये नकद, करीब 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण समेत अन्य महंगे सामान लेकर फरार हो गए. घटना की जानकारी सोमवार की अहले सुबह नींद खुलने पर रिटायर्ड शिक्षिका सुमन कुमारी को हुई. उनके शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और डायल 112 को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गयी.
घर में सो रहे थे परिवार के सदस्य
रिटायर्ड शिक्षिका ने बताया कि रविवार की देर रात वह परिवार के सदस्यों के साथ घर में सोयी हुई थीं. इसी दौरान चोरों ने मेन गेट का ताला काटकर घर में प्रवेश किया. इसके बाद दूसरे कमरे में रखी अलमारी और बक्से का ताला तोड़कर पति के इलाज के लिए रखे चार लाख रुपये नकद तथा करीब 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिये.
सोमवार की अहले सुबह नींद खुलने पर उन्होंने घर का दरवाजा खुला देखा. अंदर जाने पर अलमारी और बक्से का सामान बिखरा पड़ा था. चोरी की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग जुट गए और पुलिस को सूचना दी.
एफएसएल और डॉग स्क्वायड ने जुटाये साक्ष्य
डायल 112 की पुलिस ने घटना की जानकारी बलिगांव थानाध्यक्ष राम निवास कुमार को दी. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़िता से घटना की जानकारी ली. पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की.
थानाध्यक्ष की सूचना पर एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम भी मौके पर पहुंची. टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच कर कई आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाये. पुलिस चोरी की घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है.
ग्रामीणों में आक्रोश, गश्ती बढ़ाने की मांग
रिटायर्ड शिक्षिका के घर हुई चोरी को लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश है. ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं. आरोप है कि पुलिस की गश्ती मुख्य मार्गों तक ही सीमित रहती है, जिसका फायदा चोर उठा रहे हैं. ग्रामीणों ने वरीय पुलिस अधिकारियों से गांव में गश्ती बढ़ाने और चौकीदार की तैनाती करने की मांग की है.
क्या कहती है पुलिस
थानाध्यक्ष राम निवास कुमार ने बताया कि विजयपुरा गांव में एक घर में चोरी की सूचना मिली थी. पुलिस मामले की जांच कर रही है. डॉग स्क्वायड की टीम ने भी घटनास्थल पर जांच की है. जल्द ही चोरों का पता लगाकर घटना का उद्भेदन किया जाएगा.
