Sonepur Division Railway Employees : हाजीपुर स्थित सोनपुर मंडल में रेल संरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कर्मचारियों को सोमवार को सम्मानित किया गया. मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उन रेलकर्मियों का उत्साहवर्धन किया, जिन्होंने सतर्कता, सूझबूझ और कर्तव्यनिष्ठा से संभावित दुर्घटनाओं को टालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
लोको पायलट और गार्ड की सतर्कता बनी मिसाल
लोको पायलट मनोज कुमार ने गाड़ी संख्या 11402 का संचालन करते समय रेलवे ट्रैक पर संभावित खतरे की समय रहते पहचान की. उन्होंने तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देकर सुरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित किया. वहीं, मालगाड़ी के गार्ड रंजन कुमार सिंह ने संचालन के दौरान वैगन में उत्पन्न असामान्यता का समय रहते पता लगाकर आवश्यक कार्रवाई की, जिससे संभावित दुर्घटना टल गई.
तकनीशियन की सजगता से सुरक्षित हुआ परिचालन
बरौनी के टेक्नीशियन-III सुधीर कुमार ने निरीक्षण के दौरान वैगन गार्ड की ब्रेक प्रणाली में खराबी की पहचान की. समय पर मरम्मत सुनिश्चित होने से सुरक्षित रेल परिचालन में महत्वपूर्ण योगदान मिला.
डीआरएम ने कर्मचारियों का बढ़ाया उत्साह
मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन ने सम्मानित कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि रेल संरक्षा प्रत्येक रेलकर्मी की सर्वोच्च जिम्मेदारी है. उन्होंने सभी कर्मचारियों से सतर्कता, अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करते हुए सुरक्षित रेल संचालन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया.
