सख्ती. जिले में अपराध की घटना पर अंकुश लगाने के लिए रात में भी सड़कों पर घूम रहे एसपी
पुलिस की सक्रियता से अपराध की घटनाओं में आई कमी, गिरफ्तार किये जा रहे अपराधीफोटो -51- रात में थाने का निरीक्षण करते एसपी फोटो -52- रात में वाहनों की जांच करती पुलिसप्रतिनिधि, हाजीपुर
जिले में क्राइम कंट्रोल करने तथा विधि-व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एसपी के निर्देश पर सभी थानों की पुलिस अलर्ट मोड में काम कर रही है. एसपी शुभांक मिश्रा ने जिले के सभी थानों के थानाध्यक्षों को आवश्यक निर्देश दिये गये हैं. एसपी के निर्देश पर पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है. अभियान के तहत बड़े पैमाने पर अपराधियों एवं आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भी भेजा जा रहा है. इससे खासकर आपराधिक घटनाओं में कमी आने की भी संभावना बनी है. पुलिस की सक्रियता के कारण पुलिस ने कई घटनाओं के घटित होने से पूर्व ही अपराधियों को गिरफ्तार भी किया है. इससे लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ रहा है. रात में खासकर मुख्य मार्गों पर पुलिस की गश्ती बढ़ने से लोग भयमुक्त होकर कहीं भी आ जा रहे है.
लूटपाट की घटनाओं में आयी कमी
जिले में बेहतर पुलिसिंग एवं अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी शुभांक मिश्रा स्वयं रात में भी सड़कों पर भ्रमण कर ड्यूटी में तैनात पुलिस पदाधिकारियों की निगरानी करने के साथ ही अपराधियों पर भी नजर रख रहे हैं. इसके कारण थानाध्यक्ष से लेकर एसडीपीओ तक रात्रि गश्ती में देखे जा रहे हैं. डायल 112 की पुलिस की रिस्पांस टाइम बेहतर होने से लोगों को भी इसका लाभ मिल रहा है. पुलिस की सक्रियता बढ़ने से लूटपाट की घटनाओं में भी काफी कमी आयी है. हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की गश्ती के बाद भी घरों में चोरी की घटनाओं में इजाफा हुआ है. चोरी की घटनाओं को लेकर एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को कार्रवाई करने के संबंध में कई आवश्यक निर्देश दिये हैं.
शराबबंदी को लेकर पुलिस कर रही कार्रवाई
जिले में शराबबंदी को सफल बनाने के लिए पुलिस पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिया गया है. पुलिस विशेष अभियान चलाकर दियारा क्षेत्र समेत अन्य इलाकों में छापेमारी कर रही है. जिले के बिदुपुर, राघोपुर, महनार, लालगंज समेत अन्य थानों की पुलिस द्वारा दियारा क्षेत्र में अभियान चला कर सैकड़ों देसी शराब बनाने वाली भट्ठियों को ध्वस्त करने के साथ साथ लाखों लीटर कच्चा जावा को नष्ट किया गया है. इससे बीते मई माह की अपेक्षा जून में शराब तस्करी के मामले में काफी गिरावट दर्ज की गयी है. वहीं पुलिस के विशेष अभियान में कई कुख्यात तथा टॉप टेन अपराधियों की सूची में शामिल बदमाशों को सलाखों के पीछे भेजा रहा है. पुलिस की कार्रवाई के दौरान जुलाई माह में देखा जाये तो पुलिस ने बलिगांव तथा बिदुपुर में दो अपराधियों का एनकाउंटर भी किया है.
थानों का किया जा रहा निरीक्षण
जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को प्रभावी ढंग से कार्य करने को लेकर एसपी शुभांक मिश्रा द्वारा नियमित तौर पर जिले के विभिन्न थानों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है. इसके साथ ही थाना में आवेदन लेकर आने वाले पीड़ितों के साथ मानवीय व्यवहार एवं त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिये गये हैं. खासकर महिला उत्पीड़न के मामले में थानाध्यक्षों को त्वरित कार्रवाई करने एवं महिला हेल्प डेस्क के पदाधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतते हुए कार्रवाई करने के निर्देश दिये गये हैं. इसके साथ ही थाने के सभी मामलों को सीसीटीएनएस पोर्टल पर अपडेट रखा जा रहा है.
