हाजीपुर: महनार में पुलिस अभिरक्षा से आरोपित को छुड़ाया, फायरिंग मामले में सात नामजद समेत 50 पर केस

महनार में पुलिस हिरासत से आरोपी को छुड़ाने और फायरिंग के मामले में 7 नामजद सहित 50 अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज, पुलिस कर रही है छापेमारी।

Hajipur Crime News : वैशाली जिले के महनार थाना क्षेत्र के देशराजपुर बजरंगबली चौक के पास पुलिस अभिरक्षा से एक आरोपित को छुड़ाने और फायरिंग की घटना को लेकर पुलिस ने सात नामजद सहित 40-50 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस ने घटनास्थल से एक गोली का खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है. गिरफ्तार किया गया आरोपित पहले से महनार थाने में आर्म्स एक्ट के मामले में प्राथमिकी अभियुक्त बताया जा रहा है. पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है.

पुलिस ने आरोपित को किया था गिरफ्तार

पुलिस विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, महनार थाना में आर्म्स एक्ट के मामले में नामजद आरोपित के देशराजपुर बजरंगबली चौक के पास मौजूद होने की सूचना मिली थी. सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए कांड के अनुसंधानकर्ता अनिल कुमार पांडेय पुलिस गश्ती वाहन के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस के अनुसार, इसी दौरान स्थानीय युवक राहुल कुमार और रौशन कुमार ने पुलिस की कार्रवाई में अवरोध उत्पन्न किया. देखते ही देखते करीब 150-200 लोग मौके पर जुट गए और गिरफ्तार आरोपित को पुलिस अभिरक्षा से छुड़ा लिया.

चौकीदार के घर के पास हुई फायरिंग

पुलिस के घटनास्थल से वापस लौटने के बाद स्थानीय चौकीदार के घर के पास दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग किए जाने की सूचना मिली. सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से एक गोली का खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया.पुलिस का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने, गिरफ्तार आरोपित को पुलिस अभिरक्षा से छुड़ाने, आम लोगों में भय और दहशत पैदा करने तथा फायरिंग की घटना में शामिल लोगों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है.

वीडियो फुटेज से आरोपितों की पहचान

पुलिस के अनुसार, घटना से जुड़े वीडियो फुटेज की जांच की जा रही है. फुटेज के आधार पर उपद्रव करने और पुलिस की कार्रवाई में बाधा डालने वाले लोगों की पहचान की जा रही है. आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

चौकीदार के पुत्र को गोली लगने के दावे पर विरोधाभास

फायरिंग की घटना के बाद सोशल मीडिया पर चौकीदार के पुत्र को गोली लगने की खबर प्रसारित हुई थी. पुलिस ने इसे भ्रामक बताते हुए कहा है कि चौकीदार के पुत्र को गोली नहीं लगी और वह गोली लगने से घायल नहीं हुआ है. हालांकि, बुधवार को डॉक्टर की ओर से बताया गया था कि गोली चौकीदार के पुत्र संतोष कुमार की जांघ के पास से छूकर निकल गई थी. इसके बाद अस्पताल में उसका प्राथमिक उपचार कराया गया था. इस मामले में पुलिस और चिकित्सकीय जानकारी के बीच विरोधाभास सामने आया है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >