Hajipur Crime News : हाजीपुर के सदर थाना क्षेत्र के मदारपुर पेठिया में शनिवार देर रात हुई फायरिंग और मारपीट मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. दोनों पक्षों की ओर से सदर थाना में लिखित आवेदन दिए जाने के बाद पुलिस ने परस्पर प्राथमिकी दर्ज कर साक्ष्यों और प्रारंभिक जांच के आधार पर कार्रवाई की. गिरफ्तार आरोपियों में एक घायल का इलाज पुलिस अभिरक्षा में सदर अस्पताल में चल रहा है.
शुरुआती जांच में मादक पदार्थ के पैसे के विवाद की बात
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला कथित तौर पर मादक पदार्थ की बिक्री से जुड़े पैसे के बंटवारे और छिनतई के विवाद से जुड़ा सामने आया है. इसी विवाद के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट के साथ फायरिंग की घटना हुई. हालांकि इन आरोपों की जांच अभी जारी है और अंतिम निष्कर्ष पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा.
फायरिंग में दो घायल, मारपीट में एक अन्य जख्मी
घटना के दौरान एक पक्ष के अजय मिश्रा उर्फ बाबा और दूसरे पक्ष के अमन कुमार के पैर में गोली लगी, जिससे दोनों घायल हो गए. वहीं मारपीट के दौरान रोहित उर्फ महाकाल भी गंभीर रूप से घायल हुआ. सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया.
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाए गंभीर आरोप
पहले पक्ष की ओर से अमन कुमार ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि पैकेट छीनने की कोशिश के दौरान दूसरे पक्ष की ओर से गोली चलाई गई, जिसमें वह घायल हो गया. वहीं दूसरे पक्ष के आमोद मिश्रा ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि अमन कुमार और उसके साथी हथियार के साथ पहुंचे थे और फायरिंग की. उन्होंने यह भी दावा किया कि हाथापाई के दौरान अमन अपनी ही गोली से घायल हुआ. दोनों पक्षों के आरोपों की सत्यता की जांच पुलिस कर रही है.
छह आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस ने इस मामले में रोहित कुमार उर्फ महाकाल, अमन कुमार, अजय मिश्रा उर्फ बाबा, विजय मिश्रा, विनय मिश्रा और आमोद मिश्रा को गिरफ्तार किया है. पूछताछ के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Also Read : हाजीपुर के इस पंचायत में 5 अगस्त को लगेगा विशेष सहयोग शिविर, सरकारी योजनाओं का मिलेगा लाभ
