hajipur news. जाम में घंटों फंसे रहे लोग, मूकदर्शक बनी रही पुलिस

राजेंद्र चौक, गुदरी रोड, कचहरी रोड, गांधी चौक यादव चौक, सुभाष चौक, राजेंद्र चौक, गुदरी रोड, बुद्ध मूर्ति चौक और अस्पताल रोड तक, हर जगह जाम ही जाम नजर आया

हाजीपुर. शहर में जाम की समस्या लोगों को रुला रहा है. सोमवार को शहर में लगे भीषण जाम में लोग घंटों फंसे रहे. दूसरी ओर ड्यूटी पर तैनात पुलिस के जवान जाम की भयावहता को देख मूकदर्शक बने रहे. राजेंद्र चौक, गुदरी रोड, कचहरी रोड, गांधी चौक यादव चौक, सुभाष चौक, राजेंद्र चौक, गुदरी रोड, बुद्ध मूर्ति चौक और अस्पताल रोड तक, हर जगह जाम ही जाम नजर आ रहा था. जाम के कारण राजेंद्र चौक से गांधी चौक तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रही. राजेंद्र चौक से लेकर गांधी चौक के बीच जाम इस कदर लगा की लोगों को पैदल चलना मुश्किल था. राजेंद्र चौक से सुभाष चौक की दस मिनट की दूरी तय करने में लोगों को घंटों लग गया.

जाम में फंसे वाहन चालकों का कहना था कि शहर की सड़कों पर आये दिन लगने वाले जाम ने उन्हें परेशान कर रखा है. वे अपने गंतव्य तक घर से जब निकलते हैं, तो उन्हें वहां तक पहुंचने के लिए घंटों सड़क पर वाहनों की गुत्थम-गुत्थी के बीच मशक्कत करनी पड़ती है. जाम में फंसे लोगों कहना था कि जाम की समस्या दूर करने को लेकर प्रशासन व नगर परिषद की ओर से भी कई बार प्रयास किया गया, लेकिन उन प्रयासों का नगर की सड़कों पर लगने वाले जाम पर कोई असर नहीं पड़ा. कचहरी रोड निवासी विकास कुमार का कहना है कि हर रोज जाम की समस्या से लोगों को जूझना पड़ता है. वाहन पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं होने एवं लेन ड्राइविंग को लेकर वाहन चालकों में जागरूकता नहीं होने के कारण अक्सर नगर की सड़कों पर लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है. वहीं प्रशासन इसको लेकर गंभीर नहीं है.

इ-रिक्शा चालक ट्रैफिक नियम का नहीं कर रहे पालन

ई-रिक्शा चालकों की मनमानी के कारण हाजीपुर शहरवासियों को जाम की समस्या झेलनी पड़ रही है. ई-रिक्शा चालक बीच रास्ते मेंं ई-रिक्शा रोककर सवारियां बैठाते और उतारते है. ई-रिक्शा चालकों द्वारा रूट का पालन न करने और सड़कों पर अवैध रूप से खड़े होने के कारण शहर में जाम की यह समस्या और गंभीर हो गई है. शहर के राजेंद्र चौक से गांधी चौक, राजेंद्र चौक से सुभाष चौक और गांधी चौक से बुद्ध मूर्ति चौक पर सड़क पर ई-रिक्शा चालकों का कब्जा है. ये वाहन सड़क पर ही सवारी उतारने और चढ़ाने का काम करते हैं. इससे हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है. वहीं दूसरी ओर चौक-चौराहो पर ड्यूटी पर तैनात पुलिस के जवान इन ई-रिक्शा चालकों पर कोई कार्रवाई नहीं करते. जिससे लोगो को जाम की समस्या झेलनी पड़ती है. हालांकि शहर में लग रहे जाम से निजात दिलाने के लिए शहर के सभी प्रमुख चौक पर ट्रैफिक जावन की तैनाती की गयी है. सड़कों पर मनमानी तरीके से लगा रहे ई-रिक्शा चालक व अन्य वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, मगर इसके बाद भी ई-रिक्शा चालक चौक पर मनमानी तरीके से वाहन लग रहे है.

वाहन पार्किंग नहीं होने से लग रहा जाम

शहर में जिस तरह से ई-रिक्शा व ऑटो की कि संख्या बढ़ती जा रही है. उससे शहर में यातायात व्यवस्था पर काफी असर पर रहा है. वाहनों के पार्किंग व्यवस्था नहीं होने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. शहर के चौक-चौराहों पर जिस प्रकार से ई- रिक्शा व ऑटो और बाइक खड़े किये जाते हैं उससे जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है. शहर में किसी भी स्थानों पर वाहनों के पार्किंग कि सुविधा नहीं है. त्योहारों के दिन में शहर की स्थिति और भी खराब हो जाती है. एक तो पार्किंग की व्यवस्था नहीं है. वहीं दूसरी ओर ठेले-खोमचे वालों का सड़क पर कब्जा रहता है. जिसके कारण लोगों को जाम की समस्या झेलनी पड़ती है.

क्या कहते हैं जिम्मेदार

शहर में से जाम की समस्या से लोगों को निजात दिलाने को शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहो पर पुलिस के जवानों की तैनाती की गयी है. ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं करने वाले ई-रिक्शा चालक व अन्य वाहन .चालकों के खिलाफ कार्रवाई भी की गयी है. गांधी चौक से बुद्ध मूर्ति चौक के बीच ई-रिक्शा चालक व अन्य वाहन चालकों को ट्रैफिक नियम का पालन नहीं करने वार पचास हजार रुपये चालान काटा गया है. वहीं दूसरी ओर शहर में किसी भी स्थानों पर वाहनों के पार्किंग कि सुविधा नहीं होने के कारण सड़कों पर वाहन खड़ी कर देते है. जिससे भी शहर में जाम की समस्या होती है.

अजय मिश्रा,

यातायात थानाध्यक्ष, हाजीपुर

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shashi Kant Kumar

Shashi Kant Kumar is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >