पटेढ़ी बेलसर में डिग्री कॉलेज स्थापना की तैयारी तेज, दशकों पुरानी मांग पूरी होने की उम्मीद

Hajipur News : ग्रामीण क्षेत्र में डिग्री कॉलेज स्थापना के लिए न्यूनतम पांच एकड़ भूमि आवश्यक होती है, जबकि शहरी क्षेत्रों में ढाई एकड़ भूमि का प्रावधान है.

Hajipur News :  विनय पटेल की रिपोर्ट

प्रखंड क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी डिग्री कॉलेज की मांग अब साकार होती दिख रही है. पटेढ़ी बेलसर में डिग्री कॉलेज स्थापना की दिशा में प्रशासनिक कवायद तेज हो गई है. जिला प्रशासन द्वारा महाविद्यालय के लिए भूमि चिह्नित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिससे क्षेत्रवासियों में खुशी और उत्साह का माहौल है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह के निर्देश पर प्रखंड के पीएम श्री उच्च माध्यमिक विद्यालय, चकगुलामुद्दीन की भूमि को डिग्री कॉलेज स्थापना के लिए चयनित किया गया है. इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी रवीन्द्र कुमार ने सात निश्चय-2: उन्नत शिक्षा, उज्ज्वल भविष्य योजना के तहत अंचलाधिकारी पटेढ़ी बेलसर को पत्र भेजकर तीन दिनों के भीतर विद्यालय की भूमि का खाता, खेसरा, रकबा तथा जमाबंदी से संबंधित विस्तृत विवरण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है.

प्रखंड क्षेत्र में वर्तमान में एक भी डिग्री कॉलेज नहीं

शिक्षा विभाग के मानकों के अनुसार ग्रामीण क्षेत्र में डिग्री कॉलेज स्थापना के लिए न्यूनतम पांच एकड़ भूमि आवश्यक होती है, जबकि शहरी क्षेत्रों में ढाई एकड़ भूमि का प्रावधान है. वर्तमान में प्रखंड क्षेत्र में एक भी डिग्री कॉलेज नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और अन्य शहरों का रुख करना पड़ता है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि डिग्री कॉलेज की स्थापना से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर मिलेंगे और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए उच्च शिक्षा प्राप्त करना आसान होगा.

वैशाली विधायक कई बार डिग्री कॉलेज की मांग उठा चुके हैं

गौरतलब है कि वैशाली विधायक सिद्धार्थ पटेल भी विधानसभा में कई बार पटेढ़ी बेलसर में डिग्री कॉलेज की मांग उठा चुके हैं. उनकी पहल पर राज्य सरकार द्वारा कॉलेज स्थापना को स्वीकृति दिए जाने के बाद अब भूमि चिन्हित करने की प्रक्रिया शुरू हुई है, जिससे लोगों की उम्मीदें और बढ़ गई हैं.

डिग्री कॉलेज स्थापना की दिशा में पहल शुरू होने पर भाजपा नेता सीए अभिषेक राज उर्फ राजा भैया, जदयू प्रखंड अध्यक्ष प्रेम निषाद, मुखिया मुकेश गुप्ता, पूर्व मुखिया इंद्रजीत सिंह, उप मुखिया विक्की पटेल, पैक्स अध्यक्ष चंदन पटेल, माध्यमिक शिक्षा संघ के राज्य पार्षद अमोद कुमार, समाजसेवी सत्यनारायण पटेल, श्रीराम सिंह सहित अन्य लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की है.

Also Read : मक्के के खेत में खाद डालने गए किसान की करंट की चपेट में आने से हुई मौत

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajeev Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >