Special Assistance Camp : हाजीपुर के प्रखंड क्षेत्र स्थित पहेतिया ग्राम पंचायत में 5 अगस्त को विशेष सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा. प्रखंड प्रशासन ने इस संबंध में विस्तृत कार्यालय आदेश जारी करते हुए सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों को समय पर आवश्यक तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया है. शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है.
विभिन्न विभागों के आवेदन होंगे स्वीकार
शिविर में विभिन्न विभागों की योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं से जुड़े आवेदन स्वीकार किए जाएंगे. प्रशासन का प्रयास रहेगा कि अधिक से अधिक मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया जाए. इसके लिए शिविर स्थल पर आवेदन पत्र उपलब्ध रहेंगे और आवेदन लिखने में असमर्थ लोगों की सहायता के लिए अलग से कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है.
ऑनलाइन आवेदन की भी होगी व्यवस्था
प्रशासन ने सभी विभागीय अधिकारियों को शिविर स्थल पर इंटरनेट सुविधा, लैपटॉप और प्रिंटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. इससे प्राप्त आवेदनों की ऑनलाइन प्रविष्टि की जाएगी और आवेदकों को तत्काल रसीद उपलब्ध कराई जा सकेगी.
लंबित मामलों के जल्द निपटारे के निर्देश
प्रखंड प्रशासन ने राजस्व न्यायालयों से जुड़े लंबित मामलों की सुनवाई शिविर से पहले पूरी करने का निर्देश दिया है. इसका उद्देश्य संबंधित पंचायत के लोगों को जल्द राहत उपलब्ध कराना है. साथ ही सांसद, विधायक, प्रमुख, उपप्रमुख और पंचायत प्रतिनिधियों को भी शिविर में आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं.
योजनाओं की जानकारी के लिए लगेंगे सूचना काउंटर
शिविर स्थल पर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी देने के लिए प्रदर्शनी और सूचना काउंटर लगाए जाएंगे. इससे ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी आसानी से मिल सकेगी और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी.
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
प्रखंड स्तर के अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि सभी आवेदनों का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी.
पंचायतवासियों से शिविर में पहुंचने की अपील
प्रखंड प्रशासन ने पंचायतवासियों से अपील की है कि वे 5 अगस्त को सुबह 10 बजे आयोजित विशेष सहयोग शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराएं और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं.
Also Read : वैशाली में अंग्रेजी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, बाइक जब्त
