hajipur news. चमरहरा वाली दुर्गा मैया का खुला पट

पट खोलने से पहले परंपरा अनुसार माता की सखियों को साड़ी पहनाने के लिए सैकड़ों महिलाएं घंटों कतार में खड़ी रहीं

महनार. महनार प्रखंड और नगर क्षेत्र दुर्गा पूजा की भक्ति और आस्था में सराबोर नजर आ रहा है. रविवार की रात चमरहरा वाली दुर्गा मैया का पट खुलते ही भक्तों ने जमकर जयकारा लगाया. माता के पट खुलते ही भक्तों पर मां की भक्ति का रंग साफ झलकने लगा. पट खोलने से पहले परंपरा अनुसार माता की सखियों को साड़ी पहनाने के लिए सैकड़ों महिलाएं घंटों कतार में खड़ी रहीं और श्रद्धापूर्वक साड़ी अर्पित की. इस दौरान पूरे गांव के लोग श्रद्धालुओं की सेवा में तत्पर नजर आए. मान्यता है कि साड़ी पहनाने वाली महिलाएं पूरे दिन उपवास रखती हैं और माता को सर्वप्रथम शीशकोहरे की बलि का प्रसाद ग्रहण कर ही उपवास तोड़ती हैं. चमरहरा दुर्गा मंदिर में पूजा बंगाली पद्धति से होती है, इसलिए यहां षष्ठी तिथि को ही माता की आंख (पट) खोली जाती है. जबकि महनार क्षेत्र के अन्य स्थानों पर माता की आंख अलग-अलग तिथियों को खोली जाती है. दशहरा की संध्या पर दुर्गा मैया की प्रतिमा का विसर्जन भव्य परंपरा के साथ होता है. विशालकाय प्रतिमा को भक्त अपने कंधों पर उठाकर माता रानी के जयकारे लगाते हुए पूरे गांव के देवी-देवताओं के दरबार में ले जाते हैं. विसर्जन से पूर्व हजारों महिलाएं परंपरा अनुसार माता को चावल-दुभि, बताशा और अपनी श्रद्धा के अनुसार राशि अर्पित करती हैं. विदाई का यह भावुक पल पूरे माहौल को भक्तिमय बना देता है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: GOPAL KUMAR ROY

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >