hajipur news. चार वर्षों से चल रहे भूमि विवाद में पड़ोसी ने ही की थी जमीन कारोबारी की हत्या, एक गिरफ्तार

दूसरे आरोपित की गिरफ्तारी के लिए चल रही छापेमारी, दो साल से दोनों आरोपित मो शब्बीर की हत्या की रच रहे थे साजिश

हाजीपुर. नगर थाना क्षेत्र के क्रांति चौक तथा थाना चौक के बीच थाने से महज 40 मीटर की दूरी पर शनिवार की देर शाम जमीन कारोबारी मुफ्ती मुहल्ला निवासी मो कलामुद्दीन के पुत्र मो शब्बीर की गोली मारकर हत्या मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. इस मामले में मुख्य आरोपित अब भी पुलिस गिरफ्त से बाहर है. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. घटना का कारण पड़ाेसी से चार वर्षों से चल रहा जमीन विवाद बताया गया है. यह जानकारी एसपी ललित मोहन शर्मा ने मंगलवार को मीडिया को दी.

तीन मई की शाम थाना चौक के पास मस्जिद से नमाज पढ़कर निकले मो शब्बीर आलम को गोली मार दी गयी थी. इस मामले में उसके भतीजे मो शमीम आलम ने नगर थाने में अज्ञात बदमाश के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी थी. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद सदर एसडीपीओ ओमप्रकाश के नेतृत्व में नगर थाना की पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गयी थी. टीम में डीआइयू भी शामिल थी. बताया गया कि टीम के पदाधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाश की पहचान कर ली थी. पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान एवं मोबाइल लोकेशन के आधार पर छापेमारी कर एक आरोपित नूनगोला निवासी आलमगीर अंसारी के पुत्र मो अब्दुल्ला उर्फ बब्लू को गिरफ्तार कर लिया. वहीं कारोबारी को गोली मारने वाला मो अब्दुल्ला का भाई मो अंसारी उर्फ डब्लू फरार बताया गया है.

दोनों पक्षों में कई बार हो चुकी थी मारपीट

एसपी ने बताया कि पूछताछ करने पर पता चला है कि गिरफ्तार आरोपित मो अब्दुला व उसके भाई मो अंसारी का एक जमीन को लेकर मृतक से विवाद चल रहा था. वह मामला काेर्ट में भी गया था. काेर्ट से मो अब्दुल्ला को डिक्री भी मिल गयी थी. बताया गया कि उसी विवादित जमीन को मृतक मो शब्बीर ने मो उस्मान से रजिस्ट्री करा कर उसपर अपना मकान बना लिया था. इस मामले को लेकर दोनों पक्षों में कई बार मारपीट भी हुई थी. पूछताछ के दौरान आरोपित ने बताया कि मारपीट के दौरान मो शब्बीर ने उसकी हत्या करने की धमकी दी थी, जिसके बाद दोनों भाई शब्बीर की हत्या करने की योजना बीते दो साल से बना रहे था. मौका मिलते ही दोनों भाई ने मिलकर बीते शनिवार को घटना को अंजाम दे दिया.

हत्या करने के तुरंत बाद अपने भाई को दी थी जानकारी

एसपी ने बताया कि जमीन कारोबारी की हत्या के बाद लोगों के आक्रोश को देखते हुए मामले के उद्भेदन के लिए पुलिस की दो टीम को लगाया गया था. दोनों टीम के पदाधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज कर घटना के महज 48 घंटे के भीतर एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया था. गिरफ्तार आरोपित ने गोली मारने के तुरंत बाद अपने भाई मो अब्दुल्ला को फोन कर जानकारी दी थी. इसी आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस दूसरे आरोपित को गिरफ्तार करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shashi kant kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >