भगवानपुर. थाना क्षेत्र के एक बंद मध्य विद्यालय में बच्ची से दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है. वर्ग छह की छात्रा के साथ हुई घटना की जानकारी पीड़िता के पिता ने पुलिस को दी, जिसके बाद नाबालिग आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया. छात्रा के पिता ने बताया कि करीब छह बजे बेटी घर से किराना दुकान पर सामान लाने गई थी. सामान लेकर लौटने के दौरान आरोपित ने उसे रास्ते से उठा लिया और घर से करीब दो सौ मीटर दूर स्कूल में ले जाकर दुष्कर्म किया. घटना की सूचना पर भगवानपुर थाना एवं महिला थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और 13 वर्षीया पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल ले गयी. एसडीपीओ सदर टू गोपाल मंडल के साथ एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की जांच की. थानाध्यक्ष सत्येन्द्र कुमार सत्यार्थी ने बताया कि शुक्रवार की शाम पड़ोस के ही किशोर ने दुष्कर्म किया है. किशोरी के पिता की शिकायत पर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है. महिला थानाध्यक्ष अदिति कुमारी ने बताया कि महिला थाने में प्राथमिकी की गयी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
