Hajipur News: बेलसर थाना पुलिस ने नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के चर्चित मामले में फरार चल रहे दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने मनोरा गांव निवासी नामजद अभियुक्त विकास कुमार को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
नाबालिग से गैंगरेप का दर्ज है मामला
प्राथमिकी के अनुसार 8 दिसंबर 2024 को तीन युवकों ने एक नाबालिग के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया था. पीड़िता के बयान के आधार पर बेलसर थाना में मामला दर्ज किया गया था. पुलिस के अनुसार मामले की मेडिकल जांच में भी सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि हुई थी.
दूसरे आरोपी की हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने बताया कि इस मामले में कुल तीन आरोपित नामजद हैं. इनमें से एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. विकास कुमार की गिरफ्तारी के बाद अब इस मामले के दो आरोपित पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं, जबकि तीसरा आरोपी अब भी फरार है.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
बेलसर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की. अवर निरीक्षक मनीष कुमार ने पुलिस बल के साथ छापेमारी कर आरोपी विकास कुमार को गिरफ्तार किया. गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
तीसरे आरोपी की तलाश जारी
थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि मामले में फरार चल रहे एक अन्य नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. उन्होंने कहा कि जल्द ही तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
