Hajipur News: जिले के महिसौर थाना क्षेत्र अंतर्गत मूसापुर चंवर से पुलिस ने शनिवार की शाम एक युवक का शव बरामद किया है. मृतक की जेब से पुलिस को एक हस्तलिखित सुसाइड नोट भी मिला है. चंवर में युवक का शव मिलने की खबर जैसे ही फैली, मौके पर आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. स्थानीय लोगों ने इसकी तत्काल सूचना महिसौर थाना पुलिस को दी. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर मृतक की पहचान समस्तीपुर जिले के ताजपुर थाना क्षेत्र के चकलालशाही गांव निवासी सूरज कुमार सहनी के रूप में की.
मवेशी चराने गए ग्रामीणों ने दी सूचना
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, शनिवार की शाम कुछ ग्रामीण चंवर में अपने मवेशी चराने गए थे. इसी दौरान उनकी नजर घास व झाड़ियों के बीच पड़े युवक के शव पर पड़ी. ग्रामीणों द्वारा शोर मचाए जाने पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष चांदनी कुमारी सांवरिया पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर भेज दिया. घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों में चीख-पुकार मच गई.
सुसाइड नोट में लिखा: हत्या के बाद डिप्रेशन में उठाया कदम
मृतक के पास से बरामद सुसाइड नोट में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. पत्र में लिखा है कि करीब एक सप्ताह पूर्व उसने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी थी. इस जघन्य वारदात के बाद से वह गिरफ्तारी के डर से लगातार इधर-उधर भागता फिर रहा था और गहरे मानसिक अवसाद (डिप्रेशन) में चला गया था. सुसाइड नोट में उसने अपने ससुराल वालों से हाथ जोड़कर माफी मांगी है और अपनी मौत का जिम्मेदार खुद को बताते हुए किसी अन्य को दोषी नहीं ठहराया है.
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, जांच जारी
मामले को लेकर थानाध्यक्ष चांदनी कुमारी सांवरिया ने बताया कि चंवर से युवक का शव और एक सुसाइड नोट बरामद किया गया है. मामले की तकनीकी व वैज्ञानिक जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री (FSL) की टीम को मौके पर बुलाकर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं. पुलिस सुसाइड नोट के हैंडराइटिंग की भी जांच करा रही है और समस्तीपुर पुलिस से संपर्क कर पत्नी हत्याकांड का विवरण जुटा रही है. फिलहाल परिजनों की ओर से लिखित आवेदन का इंतजार है, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: हाजीपुर के खिलाड़ियों ने बढ़ाया जिले का मान, राष्ट्रीय खेल दिवस पर प्रतिभाओं को किया गया सम्मानित
