Mahua Paddy Crop Dispute : वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र के विशनपुरा गांव में धान की फसल को नुकसान पहुंचाने से रोकने पर मारपीट और लूटपाट का मामला सामने आया है. पीड़ित पक्ष ने थाना में आवेदन देकर एक महिला समेत चार नामजद और अन्य अज्ञात लोगों पर आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
धान की फसल को लेकर शुरू हुआ विवाद
महुआ थाना क्षेत्र के विशनपुरा गांव निवासी अधिवक्ता विनोद कुमार सिंह ने थाना में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि उनके खेत में लगी धान की फसल को ट्रैक्टर से नुकसान पहुंचाया जा रहा था. जब उनके पुत्र ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया.
हाजीपुर की खबरों को पढ़ने के लिए क्लिक करें
जमीन के लेन-देन का भी लगाया आरोप
आवेदन में कहा गया है कि उनकी पत्नी रीना सिंह ने संबंधित व्यक्ति के नाम दो बार जमीन की रजिस्ट्री की थी. इसके बदले 1.80 लाख रुपये और 7 लाख रुपये तय हुए थे. आरोप है कि कुल राशि में से 5 लाख रुपये देने के बाद शेष भुगतान नहीं किया गया. पीड़ित का दावा है कि जमीन अभी भी उनके कब्जे में है.
मारपीट और सोने का लॉकेट छीनने का आरोप
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विरोध करने पर उनके पुत्र ऋतिक कुमार के साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई. आवेदन के अनुसार आरोपितों ने गले से करीब 15 हजार रुपये मूल्य का भगवान हनुमान का सोने का लॉकेट छीन लिया और गमछे से गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया. शोर सुनकर राहगीरों के आने पर आरोपित वहां से फरार हो गए.
चार नामजद समेत अन्य के खिलाफ आवेदन
इस मामले में एक महिला सहित चार नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ महुआ थाना में आवेदन दिया गया है. पुलिस आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर रही है.
पुलिस जुटी जांच में
महुआ थानाध्यक्ष अरविंद प्रसाद ने बताया कि आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. मामले की जांच के बाद तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई होगी.
Also Read : हाजीपुर : महुआ थाना में 4500 लीटर जब्त शराब नष्ट, कोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई
