महनार में एक ही रात दो दुकानों में लाखो की चोरी, CCTV मे कैद हुई वारदात

महनार में चोरों ने आतंक मचाया है. देर रात दो अलग-अलग किराना दुकानों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सामान और नकदी पर हाथ साफ किया. एक दुकान में सीसीटीवी में वारदात कैद हो गई है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है.

महनार (वैशाली) से रवि कुमार की रिपोर्ट महनार थाना क्षेत्र में सोमवार की देर रात चोरों ने दो अलग-अलग किराना दुकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया. एक घटना स्टेशन रोड स्थित रजिस्ट्री कार्यालय के पास रूदल किराना स्टोर में हुई, जबकि दूसरी चोरी नगर परिषद क्षेत्र के फतेहपुर कमाली गांव स्थित शिव मंदिर के समीप एक चर्चित किराना दुकान में हुई. दोनों घटनाओं के बाद इलाके के दुकानदारों में दहशत और नाराजगी का माहौल है.

स्टेशन रोड स्थित रूदल किराना स्टोर में चोर दुकान का दरवाजा काटकर अंदर घुसा और ब्रांडेड सिगरेट, काजू, किशमिश समेत कई कीमती सामान तथा नगदी लेकर फरार हो गया. पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. दुकान मालिक मिथलेश कुमार ने लाखों रुपये मूल्य के सामान और नगदी की चोरी होने की बात कही. सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.

वहीं, फतेहपुर कमाली गांव में स्व. योगेन्द्र चौधरी की किराना दुकान का दरवाजे का कब्जा उखाड़कर चोर अंदर घुसे और गल्ले में रखे करीब पांच हजार रुपये के सिक्कों के साथ कुछ खाद्य सामग्री लेकर फरार हो गए. दुकान संचालक ओमप्रकाश चौधरी ने बताया कि बिक्री की नकदी वह रोज घर ले जाते हैं, इसलिए चोरों के हाथ केवल सिक्के और कुछ सामान ही लगा. सूचना पर महनार थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की.

पुलिस दोनों मामलों की छानबीन कर रही है। स्टेशन रोड की घटना में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान का प्रयास किया जा रहा है, जबकि दूसरी घटना में स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है. लगातार हुई चोरी की घटनाओं से व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और जल्द आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kaif ahmed

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >