Hajipur News : कैफ अहमद की रिपोर्ट जिला प्रशासन जहां एलपीजी गैस की उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था को पर्याप्त एवं सुचारू बता रहा है, वहीं जिले के विभिन्न क्षेत्रों से गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी में अनियमितता की शिकायतें सामने आ रही हैं. उपभोक्ताओं का आरोप है कि बुकिंग के बाद भी समय पर गैस सिलेंडर घर तक नहीं पहुंचाया जा रहा, जिसके कारण उन्हें स्वयं एजेंसी के गोदाम या वितरण केंद्रों से सिलेंडर लाना पड़ रहा है.
उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस एजेंसियां होम डिलीवरी के नाम पर शुल्क वसूलती हैं, लेकिन कई इलाकों में डिलीवरी व्यवस्था प्रभावी नहीं है.
जिले में 8,06,738 घरेलू एलपीजी उपभोक्ता
जिला प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार जिले में कुल 8,06,738 घरेलू एलपीजी उपभोक्ता हैं. इनमें इंडियन ऑयल के 4,46,727, भारत पेट्रोलियम के 1,82,685 तथा हिंदुस्तान पेट्रोलियम के 1,77,326 उपभोक्ता शामिल हैं. प्रशासन का दावा है कि जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार 4 जून तक जिले की विभिन्न गैस एजेंसियों के पास 10,517 एलपीजी सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध था. वहीं 3 जून 2026 को 13,239 बुकिंग के विरुद्ध 12,918 सिलेंडरों की डिलीवरी की गई. जिले में प्रतिदिन औसतन 12,549 सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है.
होम डिलीवरी व्यवस्था की जांच की मांग
हालांकि पर्याप्त स्टॉक और प्रशासनिक निगरानी के दावों के बावजूद उपभोक्ताओं का कहना है कि जमीनी स्तर पर होम डिलीवरी व्यवस्था में सुधार की जरूरत है. उनका कहना है कि गैस की उपलब्धता तभी सार्थक होगी, जब बुक किए गए सिलेंडर निर्धारित समय पर उपभोक्ताओं के घर तक पहुंचें.
उपभोक्ताओं ने जिला प्रशासन से गैस एजेंसियों की कार्यप्रणाली और होम डिलीवरी व्यवस्था की जांच कराने तथा शिकायतों के त्वरित समाधान की मांग की है.
Also Read :राष्ट्रीय आर्म रेसलिंग प्रतियोगिता में भीखनपुरा का विशाल राय ने जीता कांस्य पदक
