हाजीपुर: गोरौल में मामूली विवाद को लेकर घर में घुसकर महिलाओं-बच्चियों से मारपीट, पांच घायल

हाजीपुर के गोरौल में जमीनी विवाद के चलते दबंगों ने घर में घुसकर महिलाओं और बच्चियों के साथ बेरहमी से मारपीट की। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

हाजीपुर: गोरौल थाना क्षेत्र के मुस्तफापुर हरसेर गांव में पुराने जमीनी विवाद को लेकर गुरुवार की सुबह मारपीट की घटना सामने आयी. आरोप है कि दबंगों ने घर में घुसकर आधा दर्जन महिलाओं और बच्चियों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की. घटना में पांच महिलाएं और बच्चियां घायल हो गयीं. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गयी. आसपास के ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए पीएचसी गोरौल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल हाजीपुर रेफर कर दिया.

पांच महिलाएं और बच्चियां घायल

घायलों की पहचान स्वर्गीय मनजीत पासवान की पुत्रियों राजनंदिनी कुमारी और रागिनी कुमारी, रंजीत पासवान की पुत्री आशा कुमारी तथा दिनेश पासवान की पुत्रियों रविता कुमारी और अंकिता कुमारी के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, पुराने जमीन विवाद को लेकर आरोपित पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर अचानक मारपीट शुरू कर दी. लाठी-डंडों से की गयी मारपीट में घर की महिलाएं और बच्चियां घायल हो गयीं.

शोर सुनकर जुटे ग्रामीण, डायल 112 को दी सूचना

मारपीट के दौरान हंगामा और शोर-शराबे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गये. ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस की आपातकालीन सेवा डायल 112 को दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस की मौजूदगी में भी आरोपितों द्वारा दबंगई करने की बात सामने आयी. बाद में पुलिसकर्मियों ने घायल महिलाओं और बच्चियों को इलाज के लिए पीएचसी गोरौल पहुंचाया.

पहले भी मारपीट और धमकी देने का आरोप

घायल बच्ची की मां बबीता देवी ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले भी आरोपितों ने उनके पति के साथ मारपीट कर उन्हें प्रताड़ित किया था. इस मामले में गोरौल थाने में लिखित शिकायत भी दी गयी थी. इसके बाद गांव के एक जनप्रतिनिधि की मध्यस्थता से पंचायती कराकर दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था. बबीता देवी का आरोप है कि समझौते के बावजूद आरोपितों की दबंगई और मारपीट का सिलसिला नहीं रुका.

आवेदन मिलने के बाद होगी कार्रवाई

इस संबंध में गोरौल थानाध्यक्ष ने बताया कि मुस्तफापुर हरसेर गांव में मारपीट की सूचना मिली थी. सभी घायलों का इलाज हाजीपुर सदर अस्पताल में चल रहा है. फिलहाल पुलिस को घटना के संबंध में लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिषेक कुमार

अभिषेक कुमार मैं 9 साल से पत्रकारिता कर रहा हूं नेशनल मीडिया चैनल में के साथ काम किया हूं मेरी सबसे अच्छा पकड़ क्राइम की खबर और राजनीतिक की खबर पर है वहीं दैनिक अखबारी के डिजिटल बिग में भी काम कर चुका हूं।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >