Milk Anointing Ceremony on Lalu Yadav's Photograph : बिहार की राजनीति में राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के प्रति अपनी आस्था का अनोखा प्रदर्शन करते हुए रविवार सुबह वैशाली के भगवानपुर में उनकी तस्वीर का 251 किलो दूध से दूधाभिषेक किया गया. राजद नेता केदार यादव ने पंडित अभय आचार्य की देखरेख में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और लालू यादव की तस्वीर पर दूध चढ़ाया.
लालू यादव को बताया गरीबों का मसीहा
इस दौरान केदार प्रसाद यादव ने लालू यादव को भगवान का रूप बताते हुए कहा, "लालू जी हमारे लिए कलयुग के भगवान हैं. उन्होंने लालू यादव की तुलना भगवान कृष्ण से करते हुए कहा कि जिस तरह भगवान कृष्ण ने अत्याचार और अन्याय के खिलाफ लड़ाई लड़कर लोगों को मुक्ति दिलाई, उसी तरह लालू प्रसाद यादव ने गरीबों, पिछड़ों और वंचितों की आवाज को बुलंद किया.
केदार यादव ने कहा कि गरीबों के हक और अधिकार की लड़ाई लड़ने वाले लालू यादव उनके लिए भगवान के समान हैं. इसी आस्था के कारण उन्होंने लालू यादव की तस्वीर का दूधाभिषेक किया है.
पहले भी अपने अनोखे अंदाज को लेकर रहे हैं चर्चा में
केदार यादव अपने अलग-अलग अंदाज को लेकर पहले भी चर्चा में रह चुके हैं. सोशल मीडिया पर उनके कई वीडियो और तस्वीरें वायरल हो चुकी हैं. कभी वे भैंस पर सवार होकर जन्मदिन का केक काटते नजर आए, तो कभी बुलडोजर से जुड़े अंदाज में जन्मदिन मनाया. एक बार पानी के बीच नाव पर जन्मदिन मनाने के दौरान नाव से उनके पानी में गिरने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा दूधाभिषेक का वीडियो
अब 251 किलो दूध से लालू यादव की तस्वीर के दूधाभिषेक का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं. केदार यादव ने कहा कि लालू यादव उनके लिए सिर्फ एक राजनेता नहीं, बल्कि गरीबों और कमजोर वर्गों की आवाज हैं. उन्होंने कहा, "हमारे भगवान लालू जी हैं और आज हमने भगवान को साक्षी मानकर उनकी पूजा की है.
