किराना दुकान, साइबर कैफे और बंद मकान को बनाया निशाना, लाखों रुपये मूल्य के सामानों की चोरी

लालगंज थाना क्षेत्र में चोरों ने एक ही रात में तीन जगहों पर चोरी की घटना को अंजाम दिया। लाखों के सामान चोरी होने से ग्रामीणों में पुलिस के प्रति भारी आक्रोश है।

Hajipur News : लालगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार की देर रात अज्ञात चोरों ने अलग-अलग तीन जगहों पर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया. चोर लाखों रुपये मूल्य के सामान, आभूषण और अन्य कीमती वस्तुएं लेकर फरार हो गये. शुक्रवार की सुबह घटना की जानकारी होने के बाद पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी. सूचना पर लालगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने पीड़ितों से लिखित आवेदन देने को कहा है.

पीड़ितों ने थाने में दिया आवेदन, जांच जारी

जानकारी के अनुसार, चोरों ने नामीडीह गांव स्थित एक किराना दुकान और साइबर कैफे के मुख्य गेट का ताला काटकर अंदर प्रवेश किया और लाखों रुपये मूल्य के सामान की चोरी कर ली. वहीं दूसरी घटना बसंता जहानाबाद पंचायत के बलुआ बसंता गांव की है, जहां स्वर्गीय विंदेश्वर चौरसिया के बंद मकान को चोरों ने निशाना बनाया. चोरों ने घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के कीमती सामान, आभूषण, कपड़े समेत अन्य सामान चोरी कर लिये. घटना को लेकर परिजनों ने लालगंज थाना में लिखित शिकायत दी है.

लगातार चोरी से ग्रामीणों में दहशत

एक ही रात तीन जगह चोरी की घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों में लालगंज और करताहां थाना क्षेत्र में दर्जनों घरों और दुकानों में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक किसी भी मामले में चोरों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है.

ग्रामीणों ने पुलिस की रात्रि गश्ती पर भी सवाल उठाया है. उनका कहना है कि यदि पुलिस रात में नियमित रूप से गश्त करती तो चोरों का मनोबल नहीं बढ़ता. पुलिस की कथित कम गश्ती के कारण चोर बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं. लगातार चोरी के बावजूद गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों में पुलिस प्रशासन के प्रति आक्रोश बढ़ रहा है.

जल्द होगी चोरों की गिरफ्तारी : थानाध्यक्ष

इस संबंध में लालगंज थानाध्यक्ष मनमोहन कुमार ने बताया कि चोरी की घटनाओं की जांच-पड़ताल की जा रही है. घटनास्थल से आवश्यक जानकारी जुटायी जा रही है. पुलिस जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लेगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुशील कुमार सिंह

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >