Hajipur News: वैशाली जिले के लालगंज प्रखंड कृषि कार्यालय के सभागार में शनिवार को एक भव्य विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. समारोह में स्थानांतरित हुए कृषि समन्वयक, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक (BTM), सहायक तकनीकी प्रबंधक (ATM), लेखापाल एवं कार्यपालक सहायकों को भावभीनी विदाई दी गई. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रगतिशील किसान जितेंद्र कुमार सिंह ने की तथा मंच संचालन प्रखंड कृषि पदाधिकारी (BAO) राजीव कुमार ने कुशलतापूर्वक किया.
अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न देकर किया गया सम्मानित
समारोह के दौरान विभाग के अधिकारियों और साथी कर्मियों ने स्थानांतरित पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ (बुके) और स्मृति चिह्न भेंटकर उनके द्वारा दी गई सेवाओं के प्रति सम्मान प्रकट किया.
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए किसान जितेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि सरकारी सेवा में स्थानांतरण एक निरंतर चलने वाली प्रशासनिक प्रक्रिया है. इसके बावजूद लालगंज प्रखंड में पदस्थापित रहे इन कृषि कर्मियों ने किसानों के कल्याण, नई तकनीकों के प्रसार और कृषि विकास के लिए जिस निष्ठा व समर्पण के साथ काम किया है, उसे क्षेत्र के किसान सदैव याद रखेंगे.
'स्थानांतरण से मिलता है नए अनुभव साझा करने का अवसर': अधिकारी
बीएओ राजीव कुमार ने निवर्तमान पदाधिकारियों व कर्मियों के उत्कृष्ट कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और आगामी सेवाकाल में सफलता की मंगलकामना की.
वहीं, प्रखंड उद्यान पदाधिकारी सवेरा पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि स्थानांतरण सरकारी सेवा का एक अभिन्न और अनिवार्य हिस्सा है. इससे कर्मियों को नए परिवेश में काम करने, नई चुनौतियों को समझने और व्यापक स्तर पर अपने अनुभवों को साझा करने का बेहतरीन अवसर प्राप्त होता है.
साथी कर्मियों ने साझा किए सुखद संस्मरण
समारोह में किसान सलाहकार संजय कुमार चरण, अजय कुमार सिंह, राजेश कुमार प्रसाद, श्रीराम, मुकेश कुमार एवं संतोष कुमार सहित अन्य कर्मियों ने अपने स्थानांतरित साथियों के साथ बिताए गए कार्य-अनुभवों को साझा किया. उन्होंने कहा कि लालगंज में एक टीम की तरह मिलकर काम करने का अनुभव बेहद सुखद रहा और उनके जाने से कार्यालय की टीम में उनकी कमी खलेगी.
कार्यक्रम के समापन पर प्रखंड तकनीकी प्रबंधक मो. शरीफ ने सभी स्थानांतरित कर्मियों के सुखमय जीवन, उत्तम स्वास्थ्य और आगामी पदस्थापन के लिए हार्दिक शुभकामनाएं व्यक्त कीं.
