Hajipur News : वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र के गौसपुर चकमजाहिद गांव से मजदूरी करने फुलवरिया गए 28 वर्षीय युवक की बिजली करंट लगने से मौत हो गयी. घटना के बाद शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में मातम छा गया.
जांच के बाद चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
जानकारी के अनुसार, गौसपुर चकमजाहिद गांव निवासी तारकेश्वर राय का 28 वर्षीय पुत्र रंजन कुमार शुक्रवार की सुबह मजदूरी करने फुलवरिया गांव गया था. वहां एक निर्माणाधीन मकान में काम करने के दौरान वह नंगे बिजली तार की चपेट में आ गया. करंट लगने से वह बुरी तरह झुलस गया. घटना के बाद मकान मालिक और अन्य मजदूरों की मदद से रंजन को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद एंबुलेंस से शव घर लाया गया. शव पहुंचते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया.
दो बच्चों का पिता था रंजन
रंजन कुमार दो बच्चों का पिता था. चार भाइयों और दो बहनों में वह दूसरे नंबर पर था. उसकी मौत से पिता तारकेश्वर राय, मां सुशीला देवी, पत्नी सुलेखा देवी, पुत्री जिया और पुत्र शिवा समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. अचानक हुई इस मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
ग्रामीणों में शोक की लहर
रंजन की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गयी. पंचायत के मुखिया, समिति सदस्य और अन्य प्रबुद्ध लोगों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और परिजनों को सांत्वना दी. लोगों ने मृत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की.
पोस्टमार्टम कराने से परिजनों ने किया इनकार
परिजनों ने रंजन के शव का पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया. इस कारण घटना की सूचना स्थानीय थाने को भी नहीं दी गयी. परिजनों ने आपसी सहमति से शव का अंतिम संस्कार कर दिया.
