Hajipur Crime News : हाजीपुर के बलिगांव थाना क्षेत्र के लेवढ़न गांव में कम मजदूरी पर काम करने से इनकार करने पर एक दलित मजदूर के साथ बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है. मजदूर का आरोप है कि दबंगों ने उसे पेड़ से उल्टा लटकाकर करीब चार घंटे तक लाठी-डंडे और रॉड से पीटा. इस दौरान चप्पल पर थूकवाकर जबरन चटवाने का भी आरोप लगाया गया है. पूरी घटना का किसी ने मोबाइल से वीडियो बना लिया. मारपीट में मजदूर बेहोश हो गया.
जानकारी पर पहुंचे परिजनों ने युवक को अस्पताल में कराया भर्ती
घटना के बाद परिजनों ने स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल मजदूर को ताजपुर रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर रेफर कर दिया. मामले में मजदूर ने बलिगांव थाना में लिखित आवेदन देकर आठ लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
मजदूरी कर लौट रहा था, रास्ते में रोककर पीटा, आठ पर केस दर्ज
परिजनों के अनुसार समस्तीपुर जिले के बंगरा थाना क्षेत्र के बच गांव निवासी नागेश्वर राम का पुत्र विजय राम मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है. वह सोमवार को मजदूरी करने लेवढ़न गांव गया था. काम खत्म कर लौटने के दौरान योगेंद्र सिंह, उसके पुत्र राजीव कुमार, अर्जित सिंह, लालबहादुर सिंह के पुत्र मनोज सिंह, मोतीलाल सिंह के पुत्र वीरेंद्र सिंह, वीर भारती विनोद कुमार और शिव कुमार समेत अन्य लोगों ने उसे रास्ते में रोक लिया.
आरोप है कि मजदूरी को लेकर गाली-गलौज की गई. विरोध करने पर सभी ने मिलकर उसे पकड़ लिया और पास के पेड़ में उल्टा लटका दिया. इसके बाद लाठी-डंडे और रॉड से उसकी बेरहमी से पिटाई की गई. आरोप है कि करीब चार घंटे तक उसके साथ मारपीट की गई और वह बेहोश हो गया.
चप्पल पर थूकवाकर चटवाने का भी आरोप
घायल मजदूर ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान योगेंद्र सिंह ने चप्पल पर थूक कर जबरन उससे चटवाया. आरोपियों ने उससे सादे कागज पर अंगूठे का निशान भी लिया. मजदूर का आरोप है कि सभी ने उसे धमकी दी कि पुलिस में शिकायत या केस करने पर उसके परिवार की हत्या कर दी जाएगी. घटना के बाद से मजदूर का परिवार दहशत में है.
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
बलिगांव थानाध्यक्ष रामनिवास कुमार ने बताया कि लेवढ़न गांव में मजदूर के साथ मारपीट के मामले में लिखित शिकायत मिली थी. आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मुख्य आरोपी योगेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने की बात पुलिस ने कही है.
