Kartahan SHO Suspended: वैशाली जिले के पुलिस महकमे में शुक्रवार देर रात बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई. पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने कार्य में लापरवाही और संदिग्ध आचरण के आरोप में करताहां थाना के थानाध्यक्ष कुणाल कुमार आजाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. इस कार्रवाई के बाद जिले के पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है.
एसपी कार्यालय की ओर से शुक्रवार देर रात जारी प्रेस विज्ञप्ति में निलंबन की जानकारी दी गई. पुलिस अधीक्षक ने साफ किया है कि वैशाली पुलिस भ्रष्टाचार और कर्तव्यहीनता के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है.
Hajipur Police : जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई
जारी विज्ञप्ति के अनुसार, एक मामले के अनुसंधान के दौरान सामने आए तथ्यों, साक्ष्यों और प्राप्त खुफिया सूचनाओं के आधार पर करताहां थानाध्यक्ष कुणाल कुमार आजाद की भूमिका प्रथम दृष्टया संदिग्ध पाई गई थी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने बिना देरी किए कार्रवाई करते हुए उन्हें पद से निलंबित कर दिया. पुलिस विभाग की ओर से इस मामले में आगे की जांच भी शुरू कर दी गई है.
पुलिस केंद्र में योगदान का निर्देश
निलंबन अवधि के दौरान पुअनि कुणाल कुमार आजाद को तत्काल प्रभाव से पुलिस केंद्र, हाजीपुर में योगदान देने का निर्देश दिया गया है. इसके साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.
विभागीय जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
भ्रष्टाचार और लापरवाही पर नहीं होगी नरमी
पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने स्पष्ट संदेश दिया है कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले या किसी भी तरह की अनियमितता में शामिल पुलिसकर्मियों को बख्शा नहीं जाएगा.
उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन और ईमानदारी सबसे महत्वपूर्ण है. किसी भी अधिकारी या कर्मी की संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.
कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में चर्चा
करताहां थानाध्यक्ष के निलंबन की खबर सामने आने के बाद जिले के पुलिस महकमे में चर्चा तेज हो गई है. पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के बीच इस कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.
फिलहाल विभागीय जांच शुरू हो चुकी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.
