hajipur electricity theft: विद्युत प्रशाखा क्षेत्र देसरी के कनीय विद्युत अभियंता ने चोरी से विद्युत ऊर्जा का उपयोग करने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ चांदपुरा थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. दोनों मामलों में नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड को कुल 33 हजार 630 रुपये की आर्थिक क्षति हुई है.
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार कनीय विद्युत अभियंता अनिल राम ने बताया कि आजमपुर पंचायत के वार्ड संख्या एक निवासी रामप्रवेश पासवान के घरेलू परिसर में छापेमारी की गयी. जांच के दौरान उन्हें टोका फंसाकर चोरी से विद्युत ऊर्जा का उपयोग करते हुए पकड़ा गया. इस मामले में विभाग को 16 हजार 815 रुपये की क्षति हुई है. उन्होंने बताया कि पूर्व में एक हजार रुपये बकाया रहने के कारण रामप्रवेश पासवान का बिजली कनेक्शन काट दिया गया था. इसके बावजूद वह अवैध रूप से बिजली का उपयोग कर रहे थे.
वहीं धर्मपुर रामराय पंचायत के वार्ड संख्या एक स्थित बिशनपुर इजरा निवासी अनीता देवी के घर की जांच के दौरान एलटी लाइन में टोका फंसाकर 138 वाट विद्युत ऊर्जा का चोरी से उपयोग करते हुए पकड़ा गया. इस मामले में भी विभाग को 16 हजार 815 रुपये की क्षति हुई है. बताया गया कि जनवरी 2020 में 3200 रुपये बकाया रहने के कारण उनका बिजली कनेक्शन काट दिया गया था. इसके बावजूद वह चोरी से विद्युत ऊर्जा का उपयोग कर रही थीं.
बिजली विभाग ने दोनों मामलों में चांदपुरा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है.
